
सरिया के पहाड़ तालाब के पास मची अफरा-तफरी, 25 से 30 लोग हुए घायल, अस्पताल में उपचार के बाद सुधार
बरमकेला। सरिया में कलश यात्रा के दौरान मधुमुक्खियों ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। इस घटना में 25 से 30 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।
विदित हो कि नवोदित दुर्गा उत्सव समिति सरिया के द्वारा सोमवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें नगर सहित आसपास गांव से करीब 1500 लोग शामिल हुए। श्रद्धालु महिलाएं पहाड़ तालाब के पास जल भरने के लिए पहुंची हुई थी। उनके साथ कर्मा नर्तक दल व अन्य लोग भी थे। जल लेने के पूर्व पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण कर कलश की पूजा अर्चना कराई जा रही थी। इधर कलश यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए डीजे एवं कर्मा नृत्य चल रहा था। इसी बीच वहां पेड़ के छत्ते से मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, अचानक हुए इस हमले से वहां अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। इस घटना में 25 से 30 लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल 112 एंबुलेंस बुलाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया लाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. ऋषभ शर्मा ,डॉ मनोज चौधरी तथा पूरा स्टाफ उपचार में लग गया। डॉ. ऋषभ शर्मा ने बताया कि मधुमक्खी हमले से करीब 20-25 लोग उपचार के लिए पहुंचे और उनका उपचार किया गया। नवोदित दुर्गा समिति के सदस्यों ने बताया कि किसी शरारती तत्वों ने पहाड़ तालाब के पेड़ में मधुमक्खी के छत्ते से छेड़छाड़ की है, जिसके कारण उक्त घटना हुई है।