
भव्य व आकर्षक पंडालों में विराजीं मां भगवती का दर्शन कर भाव-विभोर हो रहे श्रद्धालु
क्रांतिकारी संकेत न्यूज
रायगढ़। क्वांर नवरात्रि की अष्टमी पर देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। अष्टमी को माता के महागौरी रूप की आराधना की गई। शुक्रवार को नवमीं पर देवी मंदिरों में हवन-पूजन व कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसी के साथ नवरात्रि के अनुष्ठान संपन्न होंगे। इधर शहर के चौक-चौराहों व प्रमुख स्थानों पर भव्य व आकर्षक पंडालों में विराजीं मां भवानी के दर्शन को देवीभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। शहर के हर चौक-चौराहे व सडक़ पर श्रद्धालुओं का रेला नजर आया। इस दौरान यातायात बहाल करने में पुलिस जवानों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।




शहर सहित पूरा अंचल क्वांर नवरात्रि पर देवी की आराधना में लीन है। देवी मंदिरों के साथ सार्वजनिक दुर्गोत्सव समितियों की ओर से स्थापित मां दुर्गे के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर केे बूढ़ी माई मंदिर, समलेश्वरी मंदिर कोष्टापारा, समलाई मंदिर राजापारा, अनाथालय दुर्गा मंदिर, केवड़ाबाड़ी दुर्गा मंदिर, महामाय मंदिर उर्दना, बंजारीधाम सहित चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी दरबार में देवी भक्तों का तांता लग रहा है। शहर के चौक-चौराहों पर सप्तमी को विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसी के साथ दुर्गा पंडालों में भीड़ उमडऩे लगी है। अष्टमी की रात को पूरा शहर दुर्गा पंडालों में नजर आया। शहर के गांधीगंज, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, कोतरा रोड, चक्रधर नगर, अंबेडकर चौक, मिनीमाता चौक, केवड़ाबाड़ी चौक, ढिमरापुर चौक, हंडी चौक, कोतवाली थाना रोड, पैलेस रोड, कोतरा रोड सहित शहर के मोहल्लों में भव्य पंडालों में विराजित मां दुर्गा के दर्शन कर लोग अभिभूत हो रहे हैं। पूरा पंडाल स्थल व मार्ग बिजली झालरों से रोशन है। शुक्रवार को क्वांर नवरात्रि की नवमीं पर देवी मंदिरों के साथ दुर्गा पंडालों में भी हवन-पूजन के बाद कन्या भोज व भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उसके दूसरे दिन असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व मनाया जाएगा। रामलीला मैदान, नटवर स्कूल, मिनी स्टेडियम सहित गली-मोहल्लों में छोटे-बड़े रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसकी भी तैयारियों जोर-शोर से चल रही हैं।






चक्रधर नगर क्षेत्र के दुर्गा पूजा पंडालों पर शिव-शक्ति के दर्शन
इस बार चक्रधर नगर क्षेत्र में अलग-अलग पंडालों पर शिव और शक्ति स्वरूपा मां भगवती को एक संग स्थापित किया गया है। दक्षिण चक्रधर नगर के अंबेडकर प्रतिमा चौक के समीप आयोजित मां श्री श्री दुर्गा उत्सव समिति द्वारा इस बार मां दुर्गा के पंडाल को आदियोगी भगवान शिव का स्वरूप दिया गया है। पंडाल के सम्मुख विशाल शिवलिंग का प्रदर्शन किया गया है। शिवलिंग के सामने नंदी भी विराजमान है। पंडाल को भव्यता प्रदान करने लाईट शो की विशेष व्यवस्था की गई है। इसी तरह मेडिकल कॉलेज रोड टीव्ही टावर के समीप मां जगदम्बा के भव्य पंडाल के सामने शिवलिंग स्थापित किया गया है। शिव संग विराजीं मां भगवती के इस अद्भुत स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं को हो रहे हैं। उधर चक्रधर नगर चौक पर मां की कुटिया में मां जगदम्बा के साथ भोलेशंकर विराजमान हैं। भव्य पंडाल में मां दुर्गा की मनोहारी प्रतिमा के पीछे भगवान शिव की शिव का प्रतिमा स्थापित है, जो शिव और शक्ति के अलौकिक स्वरूप को प्रदर्शित कर रहा है।