
सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारियों ने किया स्वागत
क्रांतिकारी संकेत न्यूज
रायगढ़। रायगढ़ नगर निगम के नए आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सोमवार को अपना पदभार सम्हाल लिया। ज्ञात हो कि पिछले दिनों राज्य शासन ने स्थानांतरण आदेश जारी किया था, जिसमें प्रदेश के कई नगर निगम के आयुक्तों को इधर से उधर किया गया था। इससे रायगढ़ नगर निगम भी प्रभावित हुआ था। यहां पदस्थ सुनील कुमार चंद्रवंशी का तबादला बिलासपुर कर दिया गया था। नए निगम आयुक्त के नहीं आने के कारण अभी तक वे रिलीव नहीं हुए थे। सोमवार को नए आयुक्त बृजेश सिंह ने यहां पहुंचकर अपना चार्ज लिया। श्री चंद्रवंशी ने उन्हें अपना चार्ज सौंपा। इस अवसर पर निगम के अधिकारियों ने नए आयुक्त का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। श्री क्षत्रिय ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कामकाज की जानकारी ली। अब नए आयुक्त के समक्ष रायगढ़ नगर निगम के विकास देने के साथ शहर की साफ-सफाई व अन्य अव्यवस्था को पटरी पर लाने की चुनौती होगी। विशेषकर, अभी रायगढ़ में वित्तमंत्री ओपी चौधरी के ड्रीम प्रोजेक्ट नालंदा परिसर, आक्सीजोन निर्माण, संजय काम्प्लेक्स स्थित डेली सब्जी मार्केट सहित केलो नदी में प्रदूषण, बदहाल सफाई व्यवस्था, जर्जर सडक़ को दुरुस्त करने जैसे कई कार्य हैं, जिन्हें पूर्ण कराने की जिम्मेदारी अब नए आयुक्त पर होगी।