प्राथमिक शाला खोखरा की छात्रा फातिमा महंत ने भाषण प्रतियोगिता में लहराया परचम.........सेवा संकल्प अभियान: जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 'विकसित भारत' विषय पर शानदार प्रस्तुति
रायगढ़:
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत जिला स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शहर के प्रतिष्ठित नटवर स्कूल, रायगढ़ में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न विकास खंडों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान आयोजित प्राथमिक शाला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में विकास खंड पुसौर के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक शाला खोखरा की प्रतिभावान छात्रा फातिमा महंत ने अपनी शानदार वक्ता शैली, आत्मविश्वास और विषय पर गहरी पकड़ का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री बी. पटेल के विशेष मार्गदर्शन में संस्था के शिक्षकों ने उनकी विशेष तैयारी कराई थी, जिसके परिणामस्वरूप नन्हीं प्रतिभा ने हाव-भाव के साथ 'विकसित भारत' विषय पर एक बेहद आकर्षक और प्रेरणादायक प्रस्तुति दी।
फातिमा महंत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से उनके विद्यालय, शिक्षकों, परिजनों तथा पूरे पुसौर विकास खंड में हर्ष का माहौल है। उनकी इस सफलता पर स्कूल के शिक्षकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस गौरवशाली सफलता के पीछे प्रधान पाठक श्री मनोज उपाध्याय, सहायक शिक्षक श्रीमती रजनी पटेल और श्रीमती गिरिजा चौधरी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा है।