दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें गोवा के डोना पाउला स्थित घर पर बेहोश पाया गया था, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Nana Patekar News: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्हें गोवा के डोना पाउला स्थित उनके घर पर बेहोशी की हालत में पाया गया था। इसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी मणिपाल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने उनके निधन की पुष्टि की है।
नाना पाटेकर के बेटे मल्हार ने द इंडियन एक्सप्रेस से उनकी मौत की पुष्टि की। मल्हार ने कहा, ”हां, यह खबर सही है। मैं इस समय पुणे में हूं और गोवा पहुंच रहा हूं। मैं जल्द ही विस्तृत बयान जारी करूंगा। उनकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है।”
जानकारी के मुताबिक, नाना को घर पर कार्डियक अरेस्ट आया था और डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। गुरुवार सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर नाना ने अंतिम सांस ली। मीडिया से बातचीत में अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि जब उन्हें अस्पताल लेकर आया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
नाना पाटेकर हिंदी और मराठी सिनेमा के जाने-माने अभिनेताओं में शामिल थे। कई दशकों के अपने करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और अपनी अलग अभिनय शैली के लिए पहचान बनाई। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
‘नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद’
महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, ”वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्हें एक संवेदनशील व्यक्तित्व, शानदार अभिनय प्रतिभा, सामाजिक जागरूकता और गहरी मानवीय संवेदनाओं के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से कला और सामाजिक क्षेत्र दोनों को बहुत बड़ी क्षति हुई है। नाना पाटेकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।”
नाना पाटेकर का फिल्मी सफर
नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में लंबे समय तक काम किया। अपने दमदार अभिनय और संवाद बोलने के अलग अंदाज के कारण उन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई। उन्होंने गंभीर से लेकर कॉमेडी तक कई तरह के किरदार निभाए।
उनकी चर्चित फिल्मों में ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्में शामिल हैं। अलग-अलग तरह के किरदारों में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
पुरस्कार और सम्मान
नाना पाटेकर को उनके अभिनय के लिए कई बड़े पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। उन्हें भारत सरकार ने पद्म श्री से भी सम्मानित किया था।
नाना पाटेकर ने अभिनय के अलावा निर्देशन में भी हाथ आजमाया। उन्होंने ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ फिल्म का निर्देशन किया था। यह फिल्म भारतीय सेना की पृष्ठभूमि पर बनी थी।
नाना पाटेकर का मराठी रंगमंच और सिनेमा से भी मजबूत जुड़ाव रहा। उनके अभिनय की खासियत यह रही कि उन्होंने हिंदी के साथ मराठी फिल्मों और थिएटर में भी लगातार काम किया।