कोरबा: तीन दिन से लापता 7 वर्षीय मासूम का मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका....

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पिछले तीन दिनों से लापता 7 साल की बच्ची का शव गुरुवार को पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों से बरामद हुआ. शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में रेप के बाद हत्या की आशंका गहराई हुई है. हालांकि, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार मामला शुरुआती जांच में हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक वजहों और परिस्थितियों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस को इस घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुँचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं. यह दर्दनाक हादसा रजगामार चौकी क्षेत्र का है. पीड़ित परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है और करीब चार महीने पहले ही रोजी-मजदूरी की तलाश में यहाँ आया था. परिवार करीम पोल्ट्री फार्म परिसर में रहकर अपना गुजर-बसर कर रहा था. मामले की शुरुआत 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी, जब पिता ने बच्ची को घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान खरीदने भेजा था. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. अंततः हताश होकर परिवार ने रजगामार चौकी में बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश शुरू की, मगर दो दिनों तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी. गुरुवार को अचानक पोल्ट्री फार्म के पीछे शव दिखने की खबर से सनसनी फैल गई. अपनी बच्ची के साथ हुई इस बर्बरता से स्तब्ध पिता ने बताया कि वे काम के सिलसिले में दूसरे जिले से यहाँ आए थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर किस दरिंदे ने उनकी मासूम बेटी के साथ ऐसा खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन छानबीन कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search