खैरागढ़ में लापता बुजुर्ग महिला का धान के खेत में मिला कंकाल, तेंदुए के हमले की जताई जा रही आशंका...

खैरागढ़ ।  छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गातापार में रविवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां धान के खेत से एक बुजुर्ग महिला का कंकाल बरामद किया गया है. मृतका की पहचान 70 वर्षीय अनुसूईया बाई के रूप में हुई है, जो बीते करीब 15 दिनों से अपने घर से लापता थीं. खेत में कंकाल मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में महिला की जान जाने की प्रबल आशंका जताई है. घटना की जानकारी मिलते ही छुईखदान थाना प्रभारी केसरी साहू के नेतृत्व में पुलिस बल, वन विभाग और फॉरेंसिक की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि महिला के अवशेषों को जांच के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. ग्रामीणों के अनुसार, इलाके में हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी के संकेत पहले से ही मिल रहे थे, जिससे इस आशंका को बल मिला है. स्थानीय लोगों ने बताया कि नवरात्रि के समय क्षेत्र की सड़क पर एक तेंदुआ देखा गया था, जिसे कई राहगीरों ने देखा और कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन में उसकी तस्वीरें भी कैद की थीं. इसके अलावा, पिछले एक-दो दिनों के भीतर ही आसपास के गांवों में एक गाय का भी शिकार होने की बात सामने आई है. ग्रामीणों का यह भी दावा है कि जिस स्थान पर महिला का कंकाल मिला है, उसके आसपास तेंदुए के पंजों जैसे निशान दिखाई दिए हैं, हालांकि प्रशासन या वन विभाग की ओर से इन निशानों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. गौरतलब है कि अनुसूईया बाई के अचानक लापता होने के बाद उनके परिजनों ने शुरुआत में अपने स्तर पर काफी खोजबीन की थी. जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिवार वालों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद से ही परिजन और गांव के लोग मिलकर आसपास के जंगलों, खेतों और पड़ोसी गांवों में लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. पंद्रह दिनों तक चली इस तलाश का अंत रविवार को धान के खेत में कंकाल मिलने के साथ हुआ. फिलहाल, पुलिस और वन विभाग की टीम हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि बुजुर्ग महिला किसी जंगली जानवर का शिकार बनीं या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search