अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को ₹3 लाख तक देगी छत्तीसगढ़ सरकार, 30 नवंबर से पहले ऐसे करें अप्लाई...

 ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को अब यात्रा व्यय और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए 3 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी. राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 'छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना' के तहत पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. राज्य सरकार इस योजना के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, ताकि वे बिना किसी बाधा के प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें और आवश्यक खेल संसाधन जुटा सकें. इस योजना का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाले खिलाड़ियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना और राज्य में खेल प्रतिभाओं के विकास को प्रोत्साहित करना है. विभाग ने योजना के अंतर्गत यात्रा व्यय और खेल उपकरण दोनों की आवश्यकताओं को शामिल किया है. योजना के प्रावधानों के अनुसार, स्वीकृत राशि खिलाड़ी द्वारा किए गए वास्तविक खर्च या 3 लाख रुपये, जो भी कम हो, के बराबर होगी. वहीं, खेल उपकरणों के मामले में खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या संबंधित उपकरण के बाजार मूल्य में से जो भी कम होगा, वही राशि मान्य की जाएगी.
इस योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अनिवार्य है. एक वित्तीय वर्ष में किसी खिलाड़ी को केवल एक बार ही इस प्रोत्साहन राशि की पात्रता होगी.
आवेदन पत्र में खिलाड़ी को अपना नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, आयु, लिंग, खेल का नाम, स्थायी एवं वर्तमान पता, संपर्क विवरण और बैंक खाते की जानकारी दर्ज करनी होगी. इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का नाम, आयोजन स्थल, देश, अवधि, चयन पत्र और राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व की पुष्टि का विवरण देना होगा. आवेदन में यात्रा व्यय और खेल उपकरणों के लिए मांगी गई राशि का अलग-अलग उल्लेख करना भी जरूरी है. आवेदक को आवेदन के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी की पुष्टि करने वाला प्रमाण पत्र, चयन पत्र, वास्तविक यात्रा टिकट और सहायक दस्तावेज संलग्न करने होंगे. खेल उपकरणों के लिए विधिवत प्रमाणित कोटेशन और वस्तुओं की कीमतों के विवरण की प्रतियां देनी होंगी. इसके अलावा, संबंधित प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति, छत्तीसगढ़ का मूल निवासी प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक या रद्द किए गए चेक की प्रति, आधार कार्ड और एक पासपोर्ट आकार का फोटो जमा करना अनिवार्य है. खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक मूल दस्तावेजों के अभाव में आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. अपूर्ण आवेदन, निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन या निर्धारित शर्तों को पूरा न करने वाले आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे. आवेदकों को दी गई जानकारी की सटीकता की पुष्टि करने वाला एक घोषणा पत्र भी देना होगा. यदि कोई भी जानकारी गलत पाई जाती है, तो आवेदन रद्द किया जा सकता है और खिलाड़ी प्राप्त की गई राशि वापस करने के लिए उत्तरदायी होगा. प्रोत्साहन राशि स्वीकृत करने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक सक्षम प्राधिकारी होंगे. पात्र खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन 30 नवंबर तक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर – 492001 के पते पर जमा कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search