
मुख्यमंत्री साय व वित्तमंत्री ओपी चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम हो सकते हैं शामिल
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। रायपुर, बिलासपुर व अंबिकापुर नगर निगम के महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने के बाद अब रायगढ़ निगम की बारी है। रायगढ़ नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर जीवर्धन चौहान व भाजपा पार्षदों के साथ शहरवासी भी शपथ ग्रहण समारोह का इंतजार कर रहे हैं। अब बताया जा रहा है कि समारोह की तारीख तय हो गई है। 8 मार्च को पंजरीप्लांट आडिटोरियम में रायगढ़ नगर निगम के महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण होगा।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, वित्तमंत्री ओपी चौधरी सहित अन्य मंत्रीगण व सांसद-विधायकों के शामिल होने की संभावना है। समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां प्रारंभ हो गई है। नगर निगम चुनाव के परिणाम 15 फरवरी को घोषित हो चुके हैं मगर अब तक नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण नहीं हो सका है। जबकि राजधानी रायपुर, बिलासपुर के बाद अंबिकापुर में भी महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण संपन्न हो चुका है। पहले बताया जा रहा था कि 28 फरवरी से 4 मार्च के बीच किसी भी तारीख को शपथ ग्रहण हो सकता है, लेकिन महापौर जीवर्धन चौहान सहित अन्य भाजपा नेता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित अन्य मंत्रीगणों को बुलाना चाहते थे, उनके हिसाब से ही कार्यक्रम तय किया जाना था। अंतत: अब तारीख फाइनल हो चुकी है। आगामी 8 मार्च को महापौर और पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जायेगा जबकि उसके दो दिन बाद 10 मार्च को नगर निगम का प्रथम सम्मेलन आयोजित कर सभापति के लिए चुनाव किया जायेगा। इसके लिए हलचल तेज हो गई है और तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।
भाजपा नेताओं के मुताबिक रायगढ़ महापौर व पार्षदों का शपथ ग्रहण 8 मार्च को होगा। इसमें मुख्यमंत्री के आगमन की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद कार्यक्रम की तैयारी ने जोर पकड़ लिया है। निमंत्रण पत्र छपवाने सहित अन्य कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। भाजपा नेता शपथ ग्रहण को भव्य रूप से आयोजित करना चाह रहे हैं, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित प्रदेश स्तर पर कई बड़े नेता और मंत्रियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
10 मार्च को नगर निगम का प्रथम सम्मेलन
रायगढ़ नगर निगम के शपथ ग्रहण के लिए सभी को राज्य शासन से जारी होने वाले अधिसूचना का इंतजार था। अधिसूचना जारी होने के बाद शपथ ग्रहण और प्रथम सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। आगामी 8 मार्च को महापौर और पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी, शपथ ग्रहण के बाद 10 मार्च को नगर निगम का प्रथम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसी दिन सभापति के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। सभापति के लिए भाजपा से कई नाम सामने आ रहे हैं। इस संबंध में पार्टी के पर्यवेक्षक दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर ने शनिवार को भाजपा पार्षदों से रायशुमारी भी की। यहां जितने भी नाम सामने आए हैं, सबकी लिस्ट बनाकर वे ले गए हैं, जिसे वे पार्टी आलाकमान को सौंपेंगे। उसके बाद वहां से एक नाम तय होगा, जिस पर पार्टी के पार्षद मुहर लगाएंगे।
कांग्रेस ने भी सभापति चुनाव लड़ने का किया ऐलान
रायगढ़ नगर निगम में भाजपा पूर्ण बहुमत में है। उसके 34 पार्षद चुनकर आए हैं। इस तरह भाजपा का सभापति बनना तय है। पहले माना जा रहा था कि सभापति निर्विरोध चुना जाएगा, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कांग्रेस ने भी सभापति चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया है। नगर निगम के सभापति चुनाव में कांग्रेस भी अपना प्रत्याशी उतारेगी। रविवार को जिला कांग्रेस भवन में पार्टी के सभी निर्वाचित पार्षदों की बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है। पार्टी आलाकमान ने भी रायगढ़ नगर निगम के सभापति चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। यहां के लिए पूर्व मंत्री शिव डहलिया को पर्यवेक्षक बनाया गया है। बताया जाता है कि वे रायगढ़ आकर पार्टी के वरिष्ठ नेता व पार्षदों से रायशुमारी कर सभापति प्रत्याशी का नाम तय करेंगे। कांग्रेस ने अपीलीय समिति के चुनाव में भी अपना उम्मीदवार उतराने का फैसला किया है।