
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। नगर निगम रायगढ़ में सभापति का चुनाव संपन्न हो गया है, जिसमें भाजपा के सभापति प्रत्याशी डिग्रीलाल साहू ने जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी को निर्दलीय पार्षदों के साथ कांग्रेस की तरफ से भी 2 क्रॉस वोट मिलने की खबर है। आपको बता दें कि भाजपा से डिग्रीलाल साहू और कांग्रेस से लक्ष्मीनारायण साहू चुनाव मैदान में सभापति बनने उतरे थे, जहां भाजपा को 39 और कांग्रेस को मात्र 10 वोट ही मिल सके।
नगर निगम में सभापति चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई। दोनों ही प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरकर दाखिल किया। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच की गई और नाम वापसी का समय साढ़े 12 बजे से दोपहर 1 बजे तक था। नाम वापसी नहीं होने पर दोनों ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में आमने-सामने थे। जिसके बाद मतपत्रों को तैयार किया गया और 2 बजे से मतदान शुरू हुआ। जहां महापौर समेत 48 वार्ड के पार्षदों ने मतदान किया।
मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कलेक्टर की मौजूदगी में मतगणना की गई। जिसमें भाजपा प्रत्याशी डिग्रीलाल साहू को महापौर, निर्दलीय पार्षदों समेत कांग्रेस के 2 क्रॉस वोट पड़ने से 39 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण साहू को 10 वोट ही मिल सके। मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की गई, जिसमें डिग्रीलाल साहू ने जीत दर्ज की। इसके बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने नवनिर्वाचित सभापति को जीत का प्रमाण पत्र दिया।
ज्ञात हो कि रायगढ़ नगर निगम के 48 वार्ड में 33 भाजपा पार्षद, 12 कांग्रेस पार्षद, 2 निर्दलीय और 1 बसपा पार्षद हैं।