
कहा- छत्तीसगढ़ में हर 3 घंटे में एक अनाचार का मामला, कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम है राज्य सरकार
संविधान बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस भवन में आयोजित हुई बैठक, कार्यकर्ताओं को दी गई जानकारी
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। कांग्रेस भवन रायगढ़ में संविधान बचाव कार्यक्रम की जानकारी देने आई कांग्रेस प्रभारी जरिता लैतफलांग ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला है। छत्तीसगढ़ में सुशासन नहीं कुशासन चल रहा है। हर 3 घंटे में प्रदेश में एक महिला के साथ अनाचार का मामला दर्ज हो रहा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार कानून व्यवस्था नहीं संभाल पा रही है। प्रदेश में चाकूबाजी, हत्या, रेप की घटनाएं चिंता जनक है। भाजपा सरकार प्रदेश को अपराधगढ़ बनाने पर तुली हुई है। सरकार वेंटीलेटर पर चल रही है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी अपने तीन दिवसीय प्रवास पर रायगढ़ पहुंची है। उन्होंने बुधवार को कांग्रेस भवन रायगढ़ में कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
बैठक में उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय व्यापी संविधान बचाओ अभियान के बारे में जानकारी दी और संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से चर्चा की हैं। जिला कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी ने दिया और अंत में शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने प्रभारी और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मौन रखा। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपक पांडेय, संतोष वोहीदार, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, डॉक्टर राजू अग्रवाल, किसान नेता लालू सिंह, जयंत बोहीदार आशीष जायसवाल आदि नेताओं ने कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए और कार्यक्रम का संचालन महामंत्री शाखा यादव और विकास शर्मा द्वारा किया गया।

41 दिन चलेगा संविधान बचाओ अभियान
कांग्रेस अब केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ संविधान बचाओ अभियान के तहत लोगों के घर-घर दस्तक देगी। यह अभियान पूरे देश में 41 दिन चलेगा। जिसके तहत 25 से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश स्तर पर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद जिला और विधानसभा स्तर पर बड़ी रैलियां की जाएगी। 20 से 30 माई के बीच कांग्रेस के कार्यकर्ता विधायक पिछले चुनाव में प्रत्याशी रहे विधायक प्रत्याशी कांग्रेस के नेतागण संविधान बचाओ अभियान के तहत लोगों के घर-घर पहुंचेंगे।
बदले जाएंगे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी जरिता लैतफलांग ने प्रेस वार्ता में कहा कि अहमदाबाद अधिवेशन के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्षों के हाथ को और मजबूत किया जा रहा है। पार्टी कांग्रेस को जमीन स्तर पर मजबूत करने की दिशा में भी काम कर रही है। पार्टी में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है पार्टी ने कई जिला अध्यक्षों को बदला गया है। जल्दी ब्लॉक अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। पार्टी उन कार्यकर्ताओं को मौका देगी जो निस्वार्थ भाव से कांग्रेस को मजबूत करने के लिए काम करना चाहते हैं। संगठन के अन्य रिक्त पदों पर भी जल्दी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।