
पहला दिन बदली-बारिश के बीच बीता, सूर्य की तपिश गायब, भीषण गर्मी से मिली राहत
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। रविवार से नवतपा प्रारंभ हो गया, लेकिन सूर्य की तपिश गायब है। मौसम में आए बदलाव से रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में बदली-बारिश का दौर चल रहा है। नवतपा के पहले दिन भी पूरे दिन आसमान पर बादल छाए रहे, जिसके कारण सूर्यदेव के तेवर नरम रहे। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 9 दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। इस बीच तापमान 1-2 डिग्री ऊपर-नीचे होता रहेगा। इस बार नवतपा का जोर नहीं चलेगा।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तो उसके बाद के 9 दिन पृथ्वी पर अत्यधिक गर्मी लेकर आते हैं। इस अवधि को नौतपा कहा जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है और गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। इस वर्ष सूर्यदेव 25 मई 2025 को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर लिया, जो 8 जून 2025 तक इसी स्थिति रहेंगे। लेकिन इस बार नवतपा में सूर्यदेव अपने तेवर नहीं दिखा पाएंगे। मौसम में आए बदलाव की वजह से पूरे 9 दिनों तक बदली-बारिश का अनुमान है। इसके कारण इस बार का नवतपा भीषण गर्मी से राहत देने वाला है, लेकिन इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। माना जाता है कि नवतपा में सूर्य की तपिश जितनी अधिक रहती है, खेती किसानी के लिए यह फायदेमंद रहती है और अच्छी बारिश होती है। बताया जाता है कि सूरज जितना प्रचंड आग बरसाएगा, बारिश उतनी ही ज्यादा अच्छी होगी। इससे किसानों के गर्मी में सूखे खेतों को अच्छी-खासी नमी मिलेगी। इस भीषण गर्मी के कारण फसलों को हानि पहुंचाने वाले कीट खत्म होंगे तो जहरीले जीव-जन्तुओं से भी निजात मिलेगी। इसका वैज्ञानिक कारण यह है कि यही समय खेतों में रह कर नुकसान पहुंचाने वाले चूहों, कीटों और जहरीले जीवों के प्रजनन का होता है। भीषण गर्मी में अंडे खुद ही नष्ट हो जाते हैं और किसानों को फसल बचाने के लिए प्रयास नहीं करना पड़ता। अब अगर नौतपा के दौरान अगर गर्मी न पड़े तो आगे बारिश प्रभावित हो सकती है। इस दौरान अगर बारिश भी हो जाती है तो आगे बारिश के मौसम में पानी कम बरसने की आशंका पैदा हो जाती है। फिर खेतों से कीट-पतंगे, जहरीले जीव और चूहों आदि का खात्मा भी नहीं होगा।
बनी हुई है बारिश की संभावना
पिछले कुछ दिनों से छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मौसम विभाग ने रायगढ़ समेत कोरिया, बिलासपुर और कोरबा में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। रविवार को रायगढ़ का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूतनम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 9-10 दिनों तक मौसम इसी तरह रहेगा। अधिकतम 38 डिग्री से अधिक नहीं जाएगा। इससे गर्मी से राहत रहेगी।
छत्तीसगढ़ में 5 जून तक पहुंच सकता है मानसून
देश में शनिवार को मानसून ने केरल के तटीय क्षेत्रों में दस्तक दी, और इसके तेजी से मध्य भारत की ओर बढऩे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ में 5 जून से पहले मानसून पहुंच सकता है। इसकी वजह से आने वाले सप्ताह में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। छत्तीसगढ़ में मानसून की समय से पहले दस्तक से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं यलो अलर्ट और बिजली गिरने की चेतावनी ने चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार आने वाले कुछ दिन भारी बारिश और गरज-चमक से भरे हो सकते हैं।