
पुलिस, प्रशासन से चर्चा के बाद आंदोलन स्थगित
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। तमनार क्षेत्र के ग्राम कुंजेमुरा स्थित हुंकराडिपा चौक पर मंगलवार को सुबह 10 बजे से ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर आर्थिक नाकेबंदी करते हुए सडक़ जाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीण चौक पर बैठकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान मार्ग अवरुद्ध होने से भारी वाहनों की लंबी कतारें सडक़ों पर लग गई थीं।
हालांकि, प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन को आज के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन के साथ करीब एक घंटे चली बातचीत के बाद ग्रामीणों ने यह फैसला लिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल कल कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखेगा।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि कलेक्टर से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे। कुछ ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उनके पास कलेक्टर से मिलने जाने की सुविधा नहीं है, ऐसे में यदि कलेक्टर स्वयं उनके बीच आकर बात करें तो बेहतर होगा।
ये हैं ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
बिना ग्राम सभा की सहमति से महाजेंको कंपनी के लिए मुडागाँव के जंगलों की कटाई गैर कानूनी एवं गैर संवैधानिक रूप से की जा रही है, जिसे तत्काल रोक लगाते हुए जंगल कटाई के आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए।
एनजीटी के आदेशानुसार गाँव के 500 मीटर की दूरी माइन्स एवं 125 मीटर दूरी पर ग्रीन बेल्ट नहीं लगाया गया है, इसका तत्काल पालन कराया जाए।
एनजीटी के आदेशानुसार प्रभावित ग्रामों के प्रत्येक परिवारों को मुफ्त में स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जाना है, इस आदेश का तत्काल पालन किया जाय।
कोयला खनन की लीज अवधि समाप्त हो गई थी जिसे केन्द्र सरकार द्वारा पुन: बढ़ा दिया गया, उसे निरस्त कर पुन: ग्राम सभा की सहमति लेते हुए प्रभावित किसानों को मुआवजा का लाभ दिया जाए।
जिन किसानों का भू-अर्जन कर लिया गया और उनके परिवारों को अभी तक रोजगार नहीं दिया गया हैं, उन्हें भू-अर्जन से लेकर अबतक की बेरोजगारी भत्ता देते हुए तत्काल रोजगार प्रदान किया जाए।
तमनार क्षेत्र में स्थापित पावर प्लॉट एवं कोयला खदान में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को स्थाई रोजगार प्रदान किया जाए।
तमनार क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के उपर तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाए।
प्रधान मंत्री आवास योजना में स्वीकृत परिवारों को निर्माण कार्य के लिए अनुविभागीय अधिकारी घरघोड़ा द्वारा रोक लगा दिया गया है, उसे तत्काल निरस्त किया जाय।





