
आरोपी ने सरगना का नाम भी बताया
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। बीती रात घर में सो रहे मासूम बच्चे को बोरी में भरकर ले जाने का प्रयास करते एक शख्स को रंगे हाथ पकड़ा गया है। परिजनों ने उस शख्स की जमकर पिटाई करते हुए आज सुबह उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 41 तुर्कुमुडा में बीती देर रात सुरेश मुंडु नामक एक शख्स चोरी छुपे एक घर में घुसकर 10 माह के मासूम बच्चे को बोरी में भरकर ले जाने की तैयारी कर रहा था। तभी बच्चे के पिता की नींद खुल गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया जिसके बाद घर के सभी सदस्य उठ गए और उन्होंने सुरेश मुंडु को पकडक़र उसकी जमकर पिटाई कर दी। सुबह होते ही इस घटना की जानकारी मोहल्ले में फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
मासूम को बोरा में भरने की कर रहा था तैयारी
10 माह के मासूम की दादी पिंकी ने बताया कि रात 08 बजे खाना खाने के बाद वे लोग सो रहे थे इस बीच दो बजे के बाद एक शख्स उनके घर में घुसा और मासूम को बेड शीट में लपेटकर बोरा में भरने की तैयारी कर रहा था। तभी बच्चे के पिता उठ गया और पकडक़र लिया। इस दौरान वह दांत से काटकर भागने की भी कोशिश की, लेकिन उसे पकडक़र बांधकर उसकी जमकर पिटाई की गई। पिंकी ने यह भी बताया कि पकड़े गए शख्स से पूछताछ करने पर वह अलग-अलग बयान दे रहा था। पहले 12 लोगों के साथ होने की बात कही और फिर बाद में दो महिलाओं को मिलाकर 9 लोगों के साथ होने की बात कही। पूछताछ के दौरान पकड़े गए शख्स ने अपने आपको ओडिसा के सुंदरगढ़ जिले के बंडामुडा का रहने वाला बताया और कहा कि वह बच्चों को 3 से 4 लाख रूपए में बेचने का काम करता है। साथ ही साथ अपने सरगना का नाम कृष्णा कुमार भी बताया है। बच्चे के पिता राज सारथी ने बताया कि बीती रात एक शख्स उनके घर में घुसकर बच्चे को चुराने का प्रयास कर रहा था इस दौरान उसे रंगे हाथ पकड़ा गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के बाहर में होनें की बात कही। रातभर उसे बांधकर रखे थे और सुबह होते ही जूटमिल पुलिस को सूचना देते हुए आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया है। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि वार्ड क्रमांक 41 तुर्कुमुडा निवासी ने प्रार्थी ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराया है कि सुंदरगढ़ निवासी सुरेश मुंडु उनके घर में घुस गया था और बोरी में बच्चे को भरकर ले जाने वाला था। शिकायत के बाद इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।





