
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री के विरूद्व रायगढ़ न्यायालय में सिविल प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फैक्ट्री के प्रबंधक को हाजिर होने के लिए समन जारी किये जाने का आदेश तृतीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी रायगढ़ द्वारा दिया गया है।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सूर्यकांत त्रिपाठी एवं कृषक जन्मजय साव व राधेश्याम राठिया ने अधिवक्ता राजीव कालिया के माध्यम से तालाब में हो रहे प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रकरण रायगढ़ न्यायालय में प्रस्तुत किया है। विदित हो कि इण्ड सिनर्जी फैक्ट्री से निकलने वाले धुंआ व गैसों से वातावरण में प्रदूषण फैलने के फलस्वरूप ग्राम सियारपाली का सार्वजनिक तालाब प्रदूषित हो गया है। पानी काला हो जाने से नहाने व अन्य उपयोग करने के लायक नहीं रह गया है। मजबूरीवश लोगों को तालाब में नहाने के लिए पानी का उपयोग करना पड़ रहा है जिससे बच्चों व वृद्धों का स्वास्थ खराब हो सकता है। आसपास की सब्जियां व धान की फसल खराब हो रही है, धान पकने पर कई लोगों के धान काले हो जाने से सोसायटी काले धान को लेने से इंकार कर देती है। जिसकी शिकायत पूर्व में एवं अन्य ग्राम वासियों ने कलेक्टर से भी की थी।
हैरानी तो इस बात पर है कि लोग प्रदूषण से परेशान व पीडि़त हैं और क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल कार्यालय के कागजों में प्रदूषण नहीं है। इससे प्रतीत होता है कि प्रदूषण के रोकथाम में यह कार्यालय विफल है। इसलिए लोग बाध्य होकर न्यायालय की शरण ले रहे हंै।





