
रायपुर. छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एन एच एम) कर्मचारियों की हड़ताल अब समाप्त हो गई है. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों में से 4 मांगों को स्वीकार कर लिया है. वहीं 3 मांगों पर समिति गठित की गई है और बाकी 3 मांगों पर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है. इसके बाद उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि यदि सभी कर्मचारी आज शाम तक काम पर वापस नहीं लौटे तो सरकार नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी. इसके लिए 2 से 3 दिन के भीतर विज्ञापन जारी करने की तैयारी की जा रही है. उनका यह अल्टीमेटम काम आ गया और कुछ देर बाद खबर आई कि हड़ताल खत्म हो गई है.
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने यह भी साफ किया कि 25 बर्खास्त कर्मचारियों के मामले पर तभी विचार होगा जब बाकी कर्मचारी भी अपनी ड्यूटी पर लौट आएंगे. जिन कर्मचारियों को नोटिस मिला था, उनके खिलाफ भी आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, यदि वे तुरंत काम पर वापस लौटते हैं. दरअसल, हड़ताल के चलते राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से प्रभावित हो गई थीं. खासकर ग्रामीण इलाकों में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. मंत्री ने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.





