Homeजशपुरसब्जी बनाने के विवाद में गर्भवती पत्नी की डंडे से हत्या, दो...

सब्जी बनाने के विवाद में गर्भवती पत्नी की डंडे से हत्या, दो साल की बच्ची लेकर फरार आरोपी पति गिरफ्तार…

क्रांन्तिकारी न्यूज़

जशपुरनगर। जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा में घरेलू विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। सब्जी पकाने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से मारपीट कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार हो गया था, जिसे जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष), निवासी ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर (छ.ग.) है। आरोपी के विरुद्ध थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 14/2026 धारा 103(3) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 06 फरवरी 2026 को मृतिका के पिता जेठू विश्वकर्मा द्वारा थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी कमला विश्वकर्मा आरोपी स्वदेश के साथ पति-पत्नी के रूप में रह रही थी और दोनों की एक दो वर्षीय पुत्री है। मृतिका छह माह की गर्भवती भी थी। घटना से लगभग एक सप्ताह पूर्व आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा में रहने गया था।
घटना दिनांक 06.02.2026 की शाम लगभग 7.30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिस पर आरोपी ने आवेश में आकर पास पड़े लकड़ी के डंडे से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी बच्ची को लेकर फरार हो गया था।
सूचना पर थाना नारायणपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा एवं फॉरेंसिक जांच कराई। मृतिका के नवविवाहिता होने के कारण दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण मारपीट से आई गंभीर चोट बताया गया, जिसे हत्यात्मक पाया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी करते हुए उसे उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना नारायणपुर के सउनि उमेश प्रभाकर, प्र.आर. उमेश मिंज, प्र.आर. अजय कुजूर, आरक्षक कुलदीप खलखो, अशोक कंसारी, प्रदीप भगत, सैनिक बिरेन्द्र भगत एवं ओमप्रकाश यादव का सराहनीय योगदान रहा।
मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Mentor Ramchandra (Youtube)

Mentor Ramchandra (Youtube)

spot_imgspot_img

Must Read