
क्रन्तिकारी न्यूज़
जशपुरनगर :- सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर स्थित गम्हरिया में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में दो वाहन मिस्त्रियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गम्हरिया निवासी अब्दुल लकड़ा मिस्त्री और हिरा राम मिस्त्री रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान NH-43 पर तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल अब्दुल लकड़ा और हिरा राम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दोनों मृतक पेशे से वाहन मिस्त्री थे और क्षेत्र में लंबे समय से कार्यरत थे। घटना की खबर फैलते ही गम्हरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संभावित मार्गों पर नाकाबंदी कर जांच की जा रही है।





