
क्रांतिकारी संकेत न्यूज
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र में बुधवार की दोपहर काम करके अपने साथियों के साथ घर लौट रहे एक युवक पर हाथी ने हमला कर दिया। घायल युवक को उपचार हेतु सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया गया है। उक्त मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सोहनपुर निवासी शिव प्रसाद राठिया 20 साल बुधवार की दोपहर 2 बजे के अपने दो साथियों के साथ भारतमाला मार्ग निर्माण में काम करके घर लौट रहा था। बाईक सवार तीनों युवक जब बाकारूमा रेंज के जमाबीरा रोड के पास पहुंचे ही थे कि अचानक हाथियों के चिंघाड़ की आवाज सुनकर तीनों भयभीत होकर जान बचाने इधर उधर भागने लगे। तभी हाथी ने शिव प्रसाद राठिया पर हमला कर दिया वहीं उसके दोनों साथियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।
बताया जा रहा है कि घायल युवक को वन विभाग के अधिकारियों के द्वारा उपचार हेतु धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया जहां प्रारंभिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद वन विभाग की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
दो साथियों ने भागकर बचाई जान
बताया जा रहा है कि अचानक हाथी का सामना हो जाने से तीनो साथी इधर-उधर भागने लगे इस घटना में जहां शिव प्रसाद राठिया की मौत हो गई वहीं उसके दो अन्य साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर गांव पहुंचकर परिजनों को इस घटना से अवगत कराया है।
12 हाथी का दल कर रहा विचरण
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तेजपुर के जंगल में कक्ष क्रमांक 136 बाकारूमा रेंज में यह घटना हुई है। जहां वर्तमान में 12 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग के अधिकारी हाथी पर नजर बनाये हुए हैं।