
क्रन्तिकारी संकेत न्यूज़
बिलासपुर में जूनियर छात्र ने सीनियर लॉ स्टूडेंट को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। युवती के दो बार गर्भवती होने पर आरोपी ने दवाई खिलाकर गर्भपात कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लॉ कॉलेज के जूनियर छात्र पर अपनी सीनियर छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और दो बार जबरन गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी छात्र गौरव दुबे (21) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दोस्ती के बाद बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक पीड़िता बिलासपुर में लॉ की पढ़ाई कर रही है और सरकंडा इलाके में किराए के कमरे में रहती है। साल 2023 में कॉलेज में उसकी पहचान गौरव दुबे से हुई थी, जो उससे एक साल जूनियर है। कॉलेज में हुई यह पहचान धीरे धीरे दोस्ती में बदल गई और दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। इसी दौरान आरोपी ने युवती से प्यार का इजहार किया और शादी का वादा कर उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
किराए के कमरे में बनाया संबंध
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ समय बाद आरोपी सरकंडा स्थित उसके किराए के कमरे में मिलने आया। यहां उसने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लगातार उससे संबंध बनाता रहा।
दो बार प्रेग्नेंट होने पर कराया अबॉर्शन
युवती का आरोप है कि संबंधों के दौरान वह दो बार गर्भवती हुई। हर बार जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने उसे दवाइयां देकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया।
शादी से किया इनकार, थाने पहुंची पीड़िता
पीड़िता के मुताबिक जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने साफ इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर युवती 7 मार्च को सरकंडा थाने पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज कराई।
केस दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने युवती का बयान दर्ज करने और मेडिकल जांच के बाद आरोपी गौरव दुबे के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं भी जुड़ेंगी
पुलिस के अनुसार पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग से है। ऐसे में मामले में आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





