
क्रन्तिकारी संकेत न्यूज़
खरसिया। रायगढ़-खरसिया नेशनल हाईवे 49 पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में खरसिया के युवा व्यवसायी भूषण छाबड़ा उम्र करीब (47 वर्ष) का असामयिक निधन हो गया। घटना 12 मार्च की रात लगभग 8:30 से 9:00 बजे के बीच कुनकुनी स्थित कोल साइडिंग के गेट नंबर 2 के पास घटित हुई, जहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार व्यवसायी को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यवसायी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के पश्चात गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ नगर के गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों ने उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक भूषण छाबड़ा पिता नवरत्न छाबड़ा, जेएसडब्ल्यू प्लांट के सामने अपनी दुकान संचालित करते थे। गुरुवार शाम दुकान बंद कर वे अपने एक कर्मचारी के साथ बाइक से खरसिया लौट रहे थे। इसी दौरान चपले से आगे कुनकुनी के पास अंधेरे मोड़ पर एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भूषण सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए, जबकि उनके पीछे बैठा कर्मचारी सुरक्षित है। राहगीरों की सूचना पर तत्काल डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायल को खरसिया अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उनकी सांसों की लड़ियां बिखर गईं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हृदयविदारक घटना से छाबड़ा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भूषण की वृद्ध माता ननकी देवी, पिता नवरत्न छाबड़ा और भाई तिलक का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घर पर पिता के लौटने का इंतजार कर रहे मासूम बच्चे ऋषभ और रिद्धि तथा उनकी पत्नी इस हादसे के बाद गहरे सदमे में हैं। 45 वर्षीय कर्मठ व्यवसायी की इस तरह असमय मौत ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के दौरान स्थानीय व्यवसायियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए भूषण छाबड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हाईवे प्रशासन की अनदेखी पड़ रही भारी
हादसे के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।नागरिकों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार, उड़ती धूल और रोशनी के अभाव के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिला प्रशासन की उदासीनता का आलम यह है कि चपले से खरसिया एंट्री के बीच का रास्ता अब ‘डेथ जोन’ बन चुका है। सरकारें किसी की भी आएं या जाएं, लेकिन इस हाईवे पर सुरक्षा मानकों और लाइट की पर्याप्त व्यवस्था पर कोई ठोस काम नहीं किया जा रहा है। फिलहाल खरसिया पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है





