
रायपुर/कवर्धा
पवित्र सावन मास के तीसरे सोमवार के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज कवर्धा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। इस अवसर पर वे भगवान भोरमदेव का जलाभिषेक करेंगे और कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं व कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत करेंगे।
मुख्यमंत्री साय के साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव भी साथ में रवाना हुए।
कवर्धा में भगवान शिव के प्राचीन मंदिर भोरमदेव धाम में जलाभिषेक कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” के जयकारों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए यात्रा में शामिल होकर भोलेनाथ के दर्शन और पूजन में जुटे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा पुष्प वर्षा के माध्यम से श्रद्धालुओं का सम्मान और स्वागत, प्रदेश में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना को प्रदर्शित करता है।