Homeरायगढ़कांग्रेसियों ने किया घरघोड़ा थाने का घेराव, जमकर की नारेबाजी

कांग्रेसियों ने किया घरघोड़ा थाने का घेराव, जमकर की नारेबाजी

फर्जी मुकदमे-अनैतिक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए उतरे सड़क पर, कार्रवाई नहीं होने पर एसपी आफिस का घेराव करने की चेतावनी

क्रांतिकारी न्यूज
रायगढ़।
 युवा कांग्रेस के बैनर तले जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण नागेन्द्र नेगी, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस राकेश पांडेय, पीसीसी अनिल अग्रवाल , डीसीसी यतीश गांधी, जिला एनएसयूआई आरिफ हुसैन, जिला युवा कांग्रेस अनुराग गुप्ता के आतिथ्य में घरघोड़ा कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं ने आज घरघोड़ा थाने का घेराव कर प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर दर्ज फर्जी मामले और लोढाझर के युवक पर हुए जानलेवा हमले में निष्क्रियता के साथ घरघोड़ा थाने के संरक्षण में चल रहे अनैतिक गतिविधियों को लेकर किया गया।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रही है और न्याय के बजाय अन्याय को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता कारगिल चौक से रैली की शक्ल में निकले और जय स्तंभ चौक पर पहले से तैयार पुलिस फोर्स से सीधा सामना हुआ।

जय स्तंभ चौक पर बेरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश
जैसे ही कांग्रेस की रैली जय स्तंभ चौक पर पहुंची, पुलिस ने भारी बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस बल के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बनी रही। लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पुलिस की पक्षपातपूर्ण कार्यशैली और फर्जी मुकदमों की जांच की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरघोड़ा क्षेत्र में इन दिनों कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। राजनीतिक द्वेषवश कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी के विरुद्ध झूठे एवं फर्जी प्रकरण दर्ज कर उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। यह न केवल राजनीतिक साजिश है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी सीधा प्रहार है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र नेगी का तीखा हमला
घेराव के दौरान नागेंद्र नेगी, राकेश पांडेय, अनिल अग्रवाल चीकू, यतीश गांधी, सुरेंद्र चौधरी, किरोड़ी तायल समेत कांग्रेस नेताओ ने तीखा बयान देते हुए कहा कि लोकतंत्र की सुनियोजित हत्या घरघोड़ा पुलिस कर रही है। लोढाझर के युवक पर जानलेवा हमला हुआ, कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। कांग्रेस के नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने जब न्याय की मांग की, तो उनके खिलाफ ही फर्जी मामला दर्ज कर लिया गया। आज थाना गरीबों को न्याय नहीं, सत्ता पोषितों की सेवा का केंद्र बन चुका है। विभिन्न अनैतिक गतिविधियों को पुलिस संरक्षण दे रही है रेत तस्करी से लेकर जुए तक सब पुलिस के साये में चल रहे। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो एक महीने बाद एसपी कार्यालय का घेराव होगा। वहीं आंदोलन का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस नेता उस्मान बेग के ऊर्जा से भरे कई बयान ने प्रदर्शन में और भी उबाल ला दिया। कार्यकर्ता ‘लोढाझर के पीडि़त को न्याय दो’, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारों के साथ गरजते रहे।

ये है युवा कांग्रेस की मांग
नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर दर्ज फर्जी केस की निष्पक्ष जांच कर तत्काल अपराध को शून्य (रद्द) किया जाए।
घरघोड़ा क्षेत्र में आम जनता पर हो रहे अन्यायपूर्ण पुलिसिया रवैये पर रोक लगाई जाए।
खनिज तस्करी पर तत्काल रोक लगाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
तत्कालीन लाइन अटैच थानेदार के खिलाफ वसूली के प्रकरण में एफआईआर दर्ज की जाए।
खरसिया ब्लॉक के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र, ग्राम लोड़झाड़ निवासी छाया साहू पति यदुनाथ साहू पुत्र जगमोहन साहू की रिपोर्ट पर कार्यवाही की जाए।

Mentor Ramchandra (Youtube)

Mentor Ramchandra (Youtube)

spot_imgspot_img

Must Read