
रायगढ़ वन मंडल के बिलासखार, डेहरीडिही एवं पाकादरहा गांव के करीब पहुंचा हाथियों का बड़ा दल
क्रांतिकारी संकेत न्यूज
रायगढ़। जिले में बीती रात हाथियों का एक बड़ा दल गांव के करीब पहुंच गया। इसके बाद गांव के ग्रामीण एकजुट होकर मशाल जलाकर, फटाखे फोडक़र एवं ट्रैक्टर पर बैठकर हो-हल्ला कर हाथियों को भगाया। इसका एक वीडियो सामने आया है।
यूं तो रायगढ़ जिले के घने जंगलों में एक लंबे अर्से से जंगली हाथियों ने डेरा डाला हुआ है। यहां के जंगलों में भोजन और पानी की पर्याप्त मात्रा होने से रायगढ़ वन मंडल के अलावा धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग गांवों में साल भर हाथियों की मौजूदगी रहती है। हालांकि बीच-बीच में हाथियों के दल की संख्या में कमी और बढ़ोतरी होते रहती है।
रायगढ़ जिले में विचरण करने वाले हाथी रोजाना जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे है। साथ ही साथ कई बार ऐसा भी होता है कि हाथियों के दल के सडक़ पर आ जाने के दौरान कई घंटों तक सडक़ में अघोषित जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। बताया जाता है कि धरमजयगढ़ वन मंडल में कई गांव ऐसे भी है जहां के ग्रामीण अपनी फसलों को बचाने रतजगा करने पर आज भी विवश हैं।
रायगढ़ वन मंडल के बिलासखार, डेहरीडीहि एवं पाकादरहा गांव के करीब बीती रात तकरीबन 35 हाथियों का दल अचानक पहुंच गया। जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हाथियों से अपनी बेशकीमती फसल के अलावा अपने मकानों को बचाने गांव के ग्रामीण इकजुटे हुए और फिर कुछ ग्रामीण जहां हाथों में मशाल जलाकर एवं पटाखे फोडक़र हाथी को भगाने का प्रयास किया तो वहीं कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर से ही हो हल्ला करते हुए हाथियों के दल को दौडाया शुरू कर दिया।





