
क्रांतिकारी न्यूज़
रायगढ़. रायगढ़ वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र रायगढ़ के बंगुरसिया वन क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगभग 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. 19 दिसंबर की रात यह दल बंगुरसिया गांव के आसपास तथा बड़झरिया तालाब क्षेत्र में देखा गया, जहां हाथी सुबह तक मौजूद रहे. इसके पश्चात हाथियों का दल घने वन क्षेत्र की ओर चला गया. कल सुबह 6 बजे वन विभाग के अधिकारियों द्वारा तालाब के समीप निरीक्षण किए जाने पर एक लगभग छह माह का नर हाथी शावक मृत
अवस्था में पाया गया. इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया. सुरक्षा के दृष्टिगत मृत शावक का शव विच्छेदन कर उसे इंदिरा विहार, रायगढ़ लाया गया, जहां पशु चिकित्सा अधिकारी रायगढ़ की टीम की उपस्थिति में वनमंडलाधिकारी रायगढ़, उप वनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी रायगढ़ व तमनार तथा वन कर्मचारियों के समक्ष शव परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई. शव परीक्षण के दौरान अंगों को सुरक्षित कर दफनाया गया, वहीं संभावित संक्रामक बीमारी की जांच के लिए जैविक नमूने इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, इज्जतनगर, बरेली (उत्तर प्रदेश) भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात ही शावक की मृत्यु के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.





