
ठेका कंपनी अवैध खनन में इतना बेसुध कि बिजली ट्रांसफार्मर के चारों ओर कर दी खुदाई
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। उरगा से धरमजयगढ़ (62.5 किमी) रेलवे लाइन बिछाने का इरकॉन कंपनी द्वारा मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी रायपुर को दिया गया है जिसके द्वारा बिना कोई वैध परमिशन के राजस्व खनिज की चोरी की जा रही थी जिसपर रायगढ़ खनिज विभाग द्वारा कार्यवाही की गई।
शासकीय कार्यों में भी निर्माण कार्य में लगी कंपनियों को मिट्टी और मुरूम खनन करने के लिए अनुमति लेनी होती है, जिस जमीन में खोदाई करना है मात्रा के साथ अनुमति लेनी पड़ती है। खनिज विभाग परीक्षण के बाद ही उसकी अनुमति देता है जिसके बदले विभाग को राजस्व मिलता है। पर मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल द्वारा बिना अनुमति बैखौफ होकर पोकलेन और हाइवा वाहन लगाकर मिट्टी की अवैध खोदाई कर रेलवे लाइन में उपयोग किया जा रहा है।
इरकॉन का ठेकेदार मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर का हौसला इतना बुलंद है कि पहले तो ग्राम खडग़ांव में बिना परमिशन अवैध खुदाई शुरू कर दी वहीं ट्रांसफार्मर लगे पोल के चारों ओर से मिट्टी की भी खुदाई कर दी। अगर कभी ट्रांसफार्मर खराब होता है तो किसानों को दोबारा ट्रांसफार्मर लगाने में मशीन का सहारा लेना पड़ेगा। बता दें कि उस ट्रांसफार्मर से करीब किसानों द्वारा खेती करने के लिए 10 बोरवेल मशीन चलाई जाती है।
रेलवे लाइन में मिट्टी बिछाने के कार्य का मिला है ठेका
रेलवे लाइन में मिट्टी बिछाने का कार्य का ठेका रायपुर के मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी को मिला है। इसके द्वारा बिना कोई अनुमति के धरमजयगढ़ के ग्राम खडग़ांव में मिट्टी मुरूम खोदाई कर बिछाया जा रहा था, जिसकी शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश पर खनिज उप संचालक ने टीम भेजी। विभाग की टीम ने मौके पर एक पोकलेन और मिट्टी लोड हाइवा जप्त किया। वहीं कंपनी को नोटिस दिया गया है। अब देखना है कि खनिज विभाग द्वारा बिना परमिशन मिट्टी की अवैध खुदाई कर रही मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी के ऊपर जांच के बाद कितनी पेनल्टी लगती है।
क्या कहते हैं खनिज निरीक्षक सोमेश सिन्हा
मेसर्स अग्रवाल ग्लोबल इन्फ्रास्ट्रक्चर द्वारा धरमजयगढ़ के गांव खडग़ांव में मिट्टी की अवैध खोदाई कर रही थी जहां कंपनी को नोटिस देकर एक पोकलेन और एक मिट्टी लोड हाइवा पर जप्ती की कार्यवाही की है ।
सोमेश सिन्हा, खनिज निरीक्षक





