
संयोजक रामचंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संस्था के सदस्यों ने लगाया पौधा
क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़। नव निर्माण संकल्प समिति रायगढ़ के तत्वाधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को बड़े पैमाने पर पौधरोपण पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। संस्था के संयोजक रायगढ़ के प्रसिद्ध शिक्षाविद समाजसेवी श्री रामचंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में संगठन के सदस्य शहर के स्कूल, कालेज व खाली पड़े स्थानों पर पौधे लगाएंगे । इसकी शुरुआत नव निर्माण संकल्प समिति के कोषाध्यक्ष सी.पी. देवांगन सचिव दीपक मंडल संस्था के सदस्य अनिल प्रधान शरद यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पौधा लगाकर किया है। संस्था का पौधरोपण पखवाड़ा रायगढ़ के ग्राम पंचायत के साथ-साथ शहर के कई वार्डों में भी संचालित होगा।
नव निर्माण संकल्प समिति के संयोजक रामचंद्र शर्मा ने शहरवासियों से अपील की है कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधरोपण पखवाड़ा से शहर तथा गांव के लोग जुड़ें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं। सभी लोग मिलकर शहर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक सुंदरता बचाए रखने के लिए प्रयास करें। वर्तमान में रायगढ़ जिले का पर्यावरण पूरी तरह प्रदूषण के चपेट में है और इस समस्या से निपटने के लिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक होना पड़ेगा। रायगढ़ जिले में लगातार वातावरण दूषित होते जा रहा है, जिसका गहरा प्रभाव हमारे जीवन में पड़ रहा है।
हमारा रायगढ़ जिला औद्योगिक जिला होने के कारण यहां के वातावरण में प्रदूषण भी अधिक है। इससे बचने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक पौधरोपण है। न सिर्फ पौधे लगाना, बल्कि उसके संरक्षण व सुरक्षा का दायित्व भी हम पर है। इसीलिए नव निर्माण संकल्प समिति के माध्यम से वृक्षारोपण पखवाड़ा कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है रायगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में छायादार व फलदार वृक्षों का रोपण तथा उसका संरक्षण करने का संकल्प लिया गया है जिसके तहत संस्था के सदस्य अलग-अलग स्थान पर वृक्षारोपण कर रहे हैं और यह कार्यक्रम लगातार चलता रहेगा।





