Homeरायगढ़धान खरीदी की बोहनी होने से पहले ही 407 बोरी धान जप्त

धान खरीदी की बोहनी होने से पहले ही 407 बोरी धान जप्त

क्रांतिकारी संकेत न्‍यूज
रायगढ़। 14 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। धान खरीदी को लेकर एक ओर जहां उपार्जन केंद्रों में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं अवैध धान की आवक रोकने निगरानी दल भी सक्रिय हो गई हैं। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने इसको लेकर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हुए हैं। इसी क्रम में बुधवार को अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन मामलों में कुल 407 बोरी धान जप्त किया गया है।

छिछोर उमरिया में जांच दल द्वारा जन्मजय गुप्ता के घर पर 127 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। खाद्य अधिकारी खुमेश्वर सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति के घर पर धान भंडारण की सूचना मिली थी। इसके पश्चात एसडीएम प्रवीण तिवारी के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। वहां भंडारित धान के संबंध में जब व्यक्ति से पूछा गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जांच दल के द्वारा अवैध रूप से भंडारित 127 बोरी धान को मंडी नियमों के तहत जप्त किया गया। इसी तरह लैलूंगा ब्लॉक के झगरपुर में मुकेश कुमार अग्रवाल के यहां 180 बोरी और सुरेंद्र कुमार अग्रवाल के यहां से 100 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर मंडी नियमों के तहत संयुक्त जांच दल द्वारा जप्त किया गया। गौरतलब है कि 14 नवंबर से शुरू हो रहे धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक रोकने सीमावर्ती इलाकों में 14 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं,किजहां 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए निगरानी दल तैनात रहेंगे।

आज से शुरू होगी धान खरीदी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान की खरीदी शुरू होने जा रही है. धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। राज्य में 2739 उपार्जन केन्द्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाएगा। इस खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में पंजीकृत कुषकों की संख्या 27,01,109 है. इस वर्ष 1,35,891 नये किसान पंजीकृत हुए हैं, जिससे 1,36,263 हेक्टेयर नवीन रक्बों का पंजीयन किया गया है. कुल 34,51,729 हेक्टेयर रक्बे में पंजीयन अनुसार धान उपार्जन का अनुमान है। सभी उपार्जन केन्द्रों में बायोमैट्रिक डिवाईस के माध्यम से उपार्जन की व्यवस्था की गई है। छोटे, सीमांत और बड़े कृषकों के द्वारा उपजाये गए धान को निर्धारित समर्थन मूल्य में खरीदा जाएगा। इसके लिए 07 नवंबर से ही टोकन आवेदन की व्यवस्था आरंभ कर दी गई है। खरीदी सीजन में लघु एवं सीमांत कृषकों को अधिकतम 2 टोकन एवं बड़े कृषकों को 3 टोकन की पात्रता होगी।

Mentor Ramchandra (Youtube)

Mentor Ramchandra (Youtube)

spot_imgspot_img

Must Read