Homeरायगढ़खूब बरस रहे भादो के बादल, झमाझम बारिश से नदी-नाले ऊफान पर......

खूब बरस रहे भादो के बादल, झमाझम बारिश से नदी-नाले ऊफान पर… अभी और बरसेंगे बादल : प्रशासन अलर्ट

केलो डैम के चार गेट खुले, नदी का जलस्तर बढ़ा

क्रांतिकारी संकेत
रायगढ़।
भादो के काले-काले बादल इन दिनों जमकर बरस रहे हैं। करीब पखवाड़े भर बाद हो रही बारिश से जिले के नदी-नाले ऊफान पर है। कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश से केलो डैम में खूूब पानी आ रहा है, जिसके कारण डैम के चार गेट खोल दिए गए हैं। इसकी वजह से शहर के बीचों-बीच बहने वाली केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बारिश ने शहर की कई सडक़ों का बुरा हाल कर दिया है। 

पिछले पखवाड़े भर से शहर सहित जिले में बारिश नहीं हो रही थी, इसके कारण लोग उमसभरी गर्मी से परेशान थे। वे झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। भादो के काले बादल भी बिना बरसे निकल जा रहे थे। अब जाकर उनकी मुरादें पूरी हुईं। पिछले दो दिनों से शहर सहित पूरे अंचल में रुक-रुककर झमाझम बारिश हो रही है। लैूलंगा, तमनार सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले भी ऊफान पर हैं। केलो डैम के चार गेट खुलने के बाद शहर के बीच से गुजरने वाली केलो नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसके चलते प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन व बाढ़ आपदा राहत की टीम लगातार मानिटरिंग कर रही है और जल भराव की शिकायत आने पर संबंधित क्षेत्रों में जाकर निकासी की व्यवस्था बना रही है। दूसरी ओर इस बारिश ने एक बार फिर शहर की सडक़ों का बुरा हाल कर दिया है। कई स्थानों पर नालियों की गंदगी सडक़ पर पसर गई है। वहीं कोष्टापारा, पैलेस रोड, मरीन ड्राइव सहित नई बनी सडक़ों को भी खोखला कर दिया है। इसके कारण लोगों की परेशानी बढ़़ गई है। संजय मार्केट का तो बुरा हाल हो गया है। नाले की गंदगी मार्केट की सडक़ों पर आ जाने से व्यवसायियों के साथ शहरवासियों को भी काफी परेशानी हो रही है। इसी तरह गंधरी पुलिया में पानी भर गया है। इंदिरा नगर में भी नाले पर बनी पुलिया में पानी आ जाने से आवाजाही प्रभावित हुई। 

25 अगस्त तक अच्छी बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार रायगढ़ समेत पूरे छत्तीसगढ़ में 25 अगस्त तक तेज व मध्यम बारिश होगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे 25 अगस्त के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। राजस्थान से बंगाल तक मानसून द्रोणिका सक्रिय है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने चेताया है कि सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। खुले में न रहने और बिजली से बचाव के उपाय करने की अपील की गई है।

Mentor Ramchandra (Youtube)

Mentor Ramchandra (Youtube)

spot_imgspot_img

Must Read