Homeरायगढ़यह बजट जन-कल्याण नहीं, आंकड़ों की बाजीगरी और विज्ञापनों का पुलिंदा, विष्णु'...

यह बजट जन-कल्याण नहीं, आंकड़ों की बाजीगरी और विज्ञापनों का पुलिंदा, विष्णु’ के राज में ‘चौधरी’ के बजट से गांव, गरीब, किसान और युवा बेहाल :- नगेन्द्र नेगी

क्रन्तिकारी संकेत न्यूज़

रायगढ़ |
रायगढ़ जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने प्रदेश की भाजपा सरकार के तीसरे बजट को छत्तीसगढ़ की अस्मिता और विकास के साथ ‘भद्दा मजाक’ करार दिया है। नेगी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि इस बजट में ‘नवा छत्तीसगढ़’ की सोच पूरी तरह गायब है और यह केवल दिल्ली के आकाओं को खुश करने वाला दस्तावेज बताया है। वित्त मंत्री की ‘हाई-टेक’ शब्दावली पर नेगी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे तकनीक और विकास की बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं, लेकिन धरातल पर छत्तीसगढ़ का ग्रामीण ढांचा चरमरा रहा है। वित्त मंत्री जी, प्रदेश लैपटॉप और एआई (AI) से पहले रोटी और रोजगार मांग रहा है।

आपने आंकड़ों की जादूगरी से पन्ने तो भर दिए, लेकिन गरीब की खाली जेब भरने का कोई रास्ता नहीं दिखाया। बजट में किसानों की आय दोगुनी करने का दावा तो दूर, खाद-बीज की बढ़ती कीमतों और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर कोई स्पष्ट गारंटी नहीं दी गई है। प्रदेश का युवा डिग्री लेकर सड़कों पर है, लेकिन सरकार के पास रोजगार सृजन की कोई नई योजना नहीं है। स्किल इंडिया जैसे पुराने नारों को नए पैकेट में परोसा जा रहा है।” “रसोई गैस से लेकर खाद्य तेल तक, आसमान छूती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए बजट में कोई सब्सिडी या राहत का प्रावधान नहीं है।

नेगी ने विशेष रूप से ग्रामीण विकास पर प्रहार करते हुए कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के लिए कोई विजन दिखाई नहीं देता। रायगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आड़े हाथों लेते हुए पूछा कि यह सरकार केवल ‘डबल इंजन’ के शोर में छत्तीसगढ़ के हितों की बलि क्यों दे रही है? उन्होंने कहा कि रायगढ़ जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की कोई बाध्यता इस बजट में नहीं दिखी, जो सरकार की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

पंचायतों के विकास का बजट काटकर यह सरकार लोकतंत्र की बुनियादी इकाई को कमजोर कर रही है।” नेगी ने आरोप लगाया कि बुनियादी ढांचे के नाम पर केवल चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने की योजना बनाई गई है, जबकि ग्रामीण सड़कों और जल निकासी की स्थिति जस की तस है। नगेन्द्र नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायगढ़ जिला कांग्रेस ग्रामीण इस जनविरोधी बजट के खिलाफ गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह ‘उल्टे पांव’ वाली नीतियां आने वाले समय में उनकी विदाई का मार्ग प्रशस्त करेंगी।

Mentor Ramchandra (Youtube)

Mentor Ramchandra (Youtube)

spot_imgspot_img

Must Read