
अघरियापारा के लोगों का आना-जाना हो जाएगा बंद, मोहल्लेवासियों ने एसडीएम को दिया ज्ञापन
क्रांतिकारी संकेत
लैलूंगा। नगर पंचायत लैलूंगा के वार्ड नंबर 11 पटेल मोहल्ला जाने वाले मार्ग पर स्थित आबादी भूमि को प्लाट काट-काटकर बेचा जा रहा है। यहां 100 वर्ष पुराना रास्ता है, जिससे लोग आना-जाना करते हैं। मोहल्लेवासियों ने प्लाटिंग व भूमि की बिक्री पर रोक लगाने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि शांति नगर वार्ड नंबर 11 पोतरा मार्ग पर स्थित आबादी भूमि का अघरिया पारा में निवासरत सभी लोग आने जाने के लिए करते हैं। यह लगभग 100 वर्ष पुराना रास्ता है। मोहल्ले में ज्यादातर बड़े किसान हैं। कृषि फसल को ले जाने के लिए यही एकमात्र मार्ग है। मोहल्ले के ही स्थानीय निवासी गुलाब राय सिंघानिया द्वारा शासन की आबादी भूमि खसरा नंबर 624 रकबा 15.0220 हे. में से लगभग 20 डिसमिल भूमि को प्लाट काट कर जा रहा है। जिससे यह रास्ता और मोहल्ले वासियों का आना-जाना बंद हो जाएगा। बताया जा रहा है कि मामले को लेकर नगर पंचायत सीएमओ को भी आवेदन दिया गया है। सीएमओ ने मौके पर निरीक्षण कर पटवारी के साथ नक्शा दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि मामले को लेकर एसडीएम लैलूंगा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी क्या कदम उठाते हैं।





