
क्रन्तिकारी संकेत न्यूज़
लखनऊ के आशियाना में एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पिता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दबाव डालते थे, जिससे नाराज होकर बेटे अक्षत ने यह कदम उठाया।
मेरठ के बाद लखनऊ के ड्रम कांड ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। राजधानी के अशियाना क्षेत्र में बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के कई टुकड़े कर दिए। हाथ-पैर काटकर जंगल में फेंक दिया। इसके बाद बचा हुआ धड़ घर में ड्रम में छिपा दिया। घटना का खुलासा हुआ तो हर शख्स दंग रह गया। बेटे ने पिता की हत्या की कबूल कर ली है।
पूछताछ में आरोपी बेटे ने बताया कि पिता उस पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कहते थे। इसी वजह से वह पिता से नाराज रहता था। उसने पिता की लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर हत्या की थी। अपने पड़ोसी समेत कई अन्य लोगों से पिता के लापता होने और उनकी आत्महत्या की झूठी कहानी भी गढ़ी थी। घटना से पड़ोसी भी दहशत में हैं।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक, आशियाना के सेक्टर एल निवासी 49 वर्षीय मानवेंद्र सिंह के बेटे अक्षत ने थाने पर पहुंचकर पिता के लापता होने की सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छानबीन शुरू हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने बेटे अक्षत से भी घटना को लेकर जानकारी की, लेकिन वह गोलमोल जवाब देता रहा। सख्ती से पूछताछ हुई तो अक्षत टूट गया और उसने खुद ही पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में अक्षत ने बताया कि 20 फरवरी की सुबह 4:30 बजे किसी बात को लेकर उसका पिता से विवाद हुआ था। इसके बाद उसने मकान की तीसरी मंजिल पर मौजूद पिता के माथे में गोली मारकर हत्या कर दी। रात में शव को चोरी छिपे भूतल पर लाया और खींचकर उसे एक कमरे में ले गया। इसके बाद हाथ और पैर काट दिए। पकड़े जाने के डर से हाथ-पैर पारा के सदरौना स्थित जंगल में फेंक आया। शव के बाकी बचे हिस्से को एक ड्रम में छिपाकर रख दिया। सोमवार को पुलिस जांच करने पहुंची तो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त शव ड्रम से बरामद हुआ। पुलिस ने बचे हुए हिस्से को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।





