रायगढ़ में खौफनाक इत्तेफाक: नहर में डूबे युवक को ढूंढ रही थी NDRF, 1 किलोमीटर दूर मिल गई दूसरी लाश!

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतरारोड थाना अंतर्गत एक दर्दनाक हादसा और रहस्यमयी मामला सामने आया है. विजयादशमी की शाम नहर में बहे 20 वर्षीय युवक दीपांशु गुप्ता की तलाश में जुटी पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को बुधवार सुबह सफलता मिली, जब उसका शव पानी से बाहर निकाला गया. हालांकि, इस तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर कृष्णापुर के पास एक और शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. दूसरे मिले शव की स्थिति बेहद खराब और सड़ी-गली होने के कारण तत्काल उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी है. पुलिस प्रशासन ने दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात शव की पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, खैरपुर का रहने वाला दीपांशु गुप्ता (पिता कृष्ण कुमार गुप्ता) पेशे से ऑटो चालक था. मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपने कुछ साथियों के साथ नहर के पास गया हुआ था. जब उसके दोस्त नहर के पानी में नहा रहे थे, तब दीपांशु किनारे पर ही खड़ा था. इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया था, जिसे रात के अंधेरे के कारण रोकना पड़ा था. बुधवार सुबह दोबारा चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में दीपांशु का शव बरामद कर लिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search