छत्तीसगढ़: भिलाई के सेप्टिक टैंक से मिला नरमुंड, पुलिस खंगाल रही लापता लोगों का रिकॉर्ड...

दुर्ग ।  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) परिसर स्थित भिलाई निवास के पीछे मंगलवार को सफाई कर्मियों को नाले से एक मानव सिर बरामद हुआ. सिविक सेंटर क्षेत्र की बंद पड़ी मुख्य सेप्टिक लाइन को खोलने पहुंचे कर्मचारियों को कचरे के बीच एक संदिग्ध बोरी दिखाई दी. बोरी खोलने पर उसमें बुरी तरह सड़ा-गला कटा हुआ सिर देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी संयंत्र प्रबंधन और स्थानीय पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अवशेष को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. शुरुआती जांच में यह अवशेष किसी पुरुष का लग रहा है, जो लंबे समय से पानी में रहने की वजह से काफी खराब स्थिति में पहुंच चुका है. पुलिस इस बिंदु पर भी गहराई से पड़ताल कर रही है कि कहीं किसी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से सिर को नाले में तो नहीं फेंका गया था. फिलहाल पुलिस ने शव के अवशेष को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इसके साथ ही इलाके में दर्ज गुमशुदगी की पुरानी रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है ताकि मृतक की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search