चमोली । उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित जोशीमठ के चायी गांव के ऊपर शुक्रवार दोपहर एक दुखद हादसा हुआ, जहां बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में पायलट समेत सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई. ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह हेलीकॉप्टर दोपहर 1.12 बजे उड़ा था और उड़ान भरने के ठीक दो मिनट बाद ही इसका नियंत्रण कक्ष से संपर्क टूट गया.
चमोली जिले के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए लोगों में पायलट कैप्टन हिमांशु (दिल्ली के निवासी) और कर्नाटक के 5 यात्री- प्रथपा, अरुण सालुंके, शंकर गौड़ा, सुधीर के., और एच.एस. नटराजा शामिल हैं.
ये सभी श्रद्धालु माना गांव और बद्रीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद नियमित चारधाम यात्रा मार्ग पर लौट रहे थे.
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त बचाव अभियान चलाकर दुर्घटनास्थल से सभी 6 शव बरामद कर लिए हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना की पुष्टि की.
वहीं उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों को फिलहाल रोक दिया गया है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा जांच की जाएगी.