कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली में शामिल होने रामचंद्र शर्मा समर्थकों के साथ दिल्ली रवाना...

कांग्रेस की सदस्यता लिए बिना भी जनहित और लोकतांत्रिक मुद्दों पर लगातार सक्रिय, सोशल मीडिया में वायरल हुआ दिल्ली रवाना होने का वीडियो

रायगढ़।

जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं नव निर्माण संकल्प समिति के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा एक बार फिर अपने सामाजिक और राजनीतिक सरोकारों को लेकर चर्चा में हैं। कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता ग्रहण नहीं करने के बावजूद रामचंद्र शर्मा लगातार कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं। इसी कड़ी में वे अपने समर्थकों और सहयोगियों की टीम के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं, जहां कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बताया जा रहा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक जुटेंगे। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम में रामचंद्र शर्मा की अपने समर्थकों के साथ सहभागिता को रायगढ़ में विशेष रूप से देखा जा रहा है। दिल्ली रवाना होते समय रामचंद्र शर्मा और उनकी टीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उनके साथियों का उत्साह और कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी साफ दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि रामचंद्र शर्मा ने अभी तक कांग्रेस की औपचारिक सदस्यता नहीं ली है, लेकिन सामाजिक सरोकारों और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार सामने आती रही है। उनकी यह पहल बताती है कि जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े अभियानों में भागीदारी के लिए केवल राजनीतिक सदस्यता ही नहीं, बल्कि वैचारिक प्रतिबद्धता और सामाजिक जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होती है। रामचंद्र शर्मा की इस दिल्ली यात्रा को रायगढ़ के सामाजिक एवं राजनीतिक गलियारों में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। उनके समर्थकों की सक्रिय भागीदारी ने भी इस यात्रा को चर्चा का विषय बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search