छत्तीसगढ़: मरवाही में 62 हाथियों की दस्तक से दहशत, बच्चों की सुरक्षा के लिए 9 स्कूल 2 दिन बंद...

पेन्ड्रा । : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अंतर्गत मरवाही क्षेत्र के कुछ गांवों में स्थित 9 स्कूलों को हाथियों की मौजूदगी के कारण 2 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है. मरवाही वन मंडल के नक्का और मटियाडांडा वन परिक्षेत्र में 62 हाथियों के झुंड की आवाजाही की सूचना मिलने के बाद बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने 4 नवंबर और 5 नवंबर को इन स्कूलों में अवकाश का आदेश दिया. डीईओ के निर्देश के बाद स्थानीय ब्लॉक शिक्षा अधिकारी संजय वर्मा ने स्कूलों को दो दिन बंद रखने का नोटिस जारी किया. हाथियों की हलचल को देखते हुए वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगली हाथियों के हमले से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की चेतावनी जारी की है. ग्रामीणों को हाथियों को न छेड़ने और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है. इसी बीच, नक्का के जंगल में एक व्यक्ति द्वारा हाथियों के झुंड को उकसाने का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसने वन अधिकारियों को चौंका दिया है. वीडियो में व्यक्ति हाथियों के झुंड के करीब जाकर हाथ से इशारे करते हुए उन्हें जंगल वापस जाने के लिए कह रहा है, जिससे हाथी आक्रोशित नजर आ रहे हैं. इस घटना पर संज्ञान लेते हुए वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने कहा है कि वीडियो के आधार पर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search