पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आरोप, कहा- कथावाचकों द्वारा किया जा रहा है राम-कृष्ण को बांटने का प्रयास...

रायपुर । : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने रायपुर स्थित आवास पर गोवर्धन तिहार के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया और लोगों को संबोधित करते हुए विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के साथ विधिवत गौवंश की आराधना की. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक परिधानों में पहुंचे लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया राउत नाचा रहा, जिसमें कांग्रेस पार्टी के कई सम्मानित विधायक और वरिष्ठ नेतागण उपस्थित थे. अपने संबोधन में बघेल ने राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अत्याचार, अन्याय और प्रजातंत्र की रक्षा हेतु एक बड़ी लड़ाई की अगुवाई कर रहे हैं. वे देश के संविधान की रक्षा और हर नागरिक की आवाज बुलंद करने का कार्य कर रहे हैं. उन्होंने समाज के शिक्षित और समझदार वर्गों से अपील की कि उन्हें भी सामने आकर इस प्रकार के संघर्षों में अपनी सहभागिता दर्ज करानी चाहिए. वैज्ञानिक दृष्टिकोण की वकालत करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में अंधविश्वास के विरुद्ध सशक्त संघर्ष की आवश्यकता है. पर्ची के माध्यम से भविष्य बताने वाले कथावाचकों से समाज में विकृतियां उत्पन्न हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम और प्रदीप मिश्रा जैसे लोग समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं. पहले केवल जाति के आधार पर विभाजन होता था, किंतु अब भगवान राम और कृष्ण के नाम पर भी बंटवारा किया जाने लगा है. देश की वर्तमान परिस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत इस समय एक कठिन संक्रमण दौर से गुजर रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए. बघेल ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया के अंतर्गत देशभर में लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, हालांकि अब जनता अपने मताधिकार का मूल्य अच्छी तरह समझ चुकी है. प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर कटाक्ष करते हुए बघेल ने कहा कि वे रूप बदलने की कला में कुशल हैं. उन्होंने कहा कि देश में सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले नागरिकों को 'दिमागी नक्सली' की संज्ञा दी जा रही है और प्रधानमंत्री स्वयं देशवासियों को अपमानित करने का काम कर रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्थाओं एवं गिरदावरी में चल रही अनियमितताओं को लेकर शासन को कटघरे में खड़ा किया. उन्होंने बताया कि धान खरीदी की तिथि समीप होने के बावजूद पटवारी हड़ताल पर हैं, जिससे कृषकों को भारी असुविधा हो रही है. उदाहरण देते हुए उन्होंने एक कोटवार का जिक्र किया जिसकी चार एकड़ भूमि का रकबा कट गया. बघेल के अनुसार राइस मिलर्स अब तक मात्र 25 प्रतिशत चावल ही जमा कर सके हैं और 75 प्रतिशत का जमा होना अभी शेष है. उन्होंने कांग्रेस विधायकों से इस विषय पर सदन में प्रश्न उठाने का आह्वान करते हुए वर्ष 2021-22 और 2022-23 की धान खरीदी को प्रदेश का स्वर्ण काल करार दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search

Most Read