सुबह 6:54 बजे पटरी से उतरे 6 डिब्बे
रेलवे के मुताबिक, कोलकाता से सैरांग जा रही ट्रेन नंबर 13125 कोआ-सैरांग एक्सप्रेस डिगारू स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। इस हादसे में ट्रेन के 6 डिब्बे बेपटरी हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। मौके पर राहत ट्रेन भी पहुंच रही है।
यात्रियों को निकालने का काम जारी
हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। रेलवे कर्मचारी और बचाव दल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। शुरुआत में रेलवे ने किसी के हताहत होने की सूचना नहीं दी थी, लेकिन बाद में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई। घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर यातायात प्रभावित
हादसे के कारण इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। कुछ ट्रेनों को दूसरे रास्तों से चलाया जा रहा है, जबकि कुछ ट्रेनें देरी से चल रही हैं। रेलवे की टीमें ट्रैक और बेपटरी हुए डिब्बों को लेकर जरूरी कार्रवाई कर रही हैं।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक, हादसा सुबह 6:54 बजे हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत ट्रेन भी मौके पर भेजी जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, लोको पायलट दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए स्पीड कम नहीं कर सका। इससे ट्रेन दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई और डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे की वजह का इंतजार
फिलहाल ट्रेन के पटरी से उतरने की वजह सामने नहीं आई है। रेलवे की ओर से हादसे के कारणों और नुकसान की विस्तृत जानकारी का इंतजार है। बचाव दल यात्रियों की मदद में जुटा है। हादसे के बाद प्रभावित रेल यातायात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।