रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुई थी और अब बॉक्स ऑफिस पर इस समय धमाल मचा रही हैा। फिल्म ने महज 6 दिनों में 800 करोड़ रुपये का कलेक्शन पूरा कर लिया है और अब जल्द ही 900 करोड़ का कलेक्शन पूरा करने वाली है। फिल्म ने छठे दिन भारत में करीब 94 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। जिसके बाद फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 440.45 करोड़ रुपये हो गया है।
ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, ‘रामायण’ ने रिलीज के छठे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी रखा। फिल्म ने छठे दिन देशभर में 24344 शोज के जरिए कुल 94.10 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसमें हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसने 19845 शोज से 76 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
वहीं, कन्नड़ वर्जन ने 931 शोज से 7.75 करोड़ रुपये, तेलुगु ने 1,860 शोज से 4 करोड़ रुपये, तमिल ने 859 शोज से 3.60 करोड़ रुपये और मलयालम वर्जन ने 849 शोज से 2.75 करोड़ रुपये कमाए। इन आंकड़ों के साथ फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 526.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि अब तक इसकी कुल नेट कमाई 440.45 करोड़ रुपये हो चुकी है।
‘रामायण’ का विदेश में शानदार प्रदर्शन
विदेश में भी फिल्म का शानदार प्रदर्शन जारी है। ओवरसीज फिल्म ने छठे दिन करीब 35 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही विदेश में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 297 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, भारत और विदेश की कमाई को मिलाने का बाद ‘रामायण’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 823.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। जो 900 करोड़ के काफी करीब है।
अभी बजट के करीब भी नहीं पहुंचा कलेक्शन
फिल्म का लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद लगाई जा रही है कि फिल्म कल तक 900 करोड़ से ऊपर की कमाई पूरी कर लेगी। फिल्म ‘रामायण’ के इस पार्ट का बजट करीब 2000 करोड़ रुपये बताया गया था। इसके मुताबिक, भले ही फिल्म ने 800 करोड़ से ऊपर की कमाई कर ली हो लेकिन ये अभी तक अपने बजट को पूरा करने के करीब भी नहीं पहुंची है।
मेकर्स सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर निर्भर नहीं
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा का हाल ही में फिल्म के कलेक्शन पर रिएक्शन सामने आया थीा। उनका कहना था कि वह सिर्फ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर निर्भर नहीं हैं। उनके मुताबिक, अगर जरूरत पड़ी तो वह थीम पार्क और मर्चेंडाइज के जरिए कमाई पर भी ध्यान देंगे। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि इस फिल्म को बनाने के पीछे उनका मकसद कभी भी पैसे कमाना नहीं था।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता समेत कई बड़े कलाकार नजर आ रहे हैं।