चक्रवाती तूफान 'अकवान' से फसल बर्बाद: टीएस सिंहदेव ने सीएम साय को पत्र लिखकर 15 फरवरी तक धान खरीदी बढ़ाने की मांग की...

रायपुर । विभागीय सर्वे में फसल क्षति का आकलन शून्य दिखाए जाने पर गंभीर आपत्ति जताते हुए छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है. उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि बीमा कंपनियों के दबाव में आकर नुकसान का आकलन या तो कम किया जा रहा है या फिर उसे शून्य दर्शाया जा रहा है, जो जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग है. किसानों से प्राप्त जानकारी का हवाला देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले में निष्पक्ष सर्वे कराने का आग्रह किया है. दरअसल, चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से 18 नवंबर और उसके बाद दो-तीन दिनों तक हुई बेमौसम बारिश व खराब मौसम ने प्रदेश के कई हिस्सों में धान की फसल को भारी क्षति पहुंचाई है. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि तूफान आने के समय तक धान की कुल फसल का महज 30 प्रतिशत हिस्सा ही कटाई और मिंजाई के लिए तैयार हो सका था, जबकि लगभग 70 प्रतिशत फसल खेतों में ही खड़ी थी. ऐसे में खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ कटाई के बाद खलिहानों में मिंजाई के लिए रखे गए धान के भीगने से उसके खराब होने की स्थिति निर्मित हो गई है. प्रदेश के अधिकांश किसान परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार धान की फसल होने के कारण इस अचानक आई प्राकृतिक आपदा ने उन्हें गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है. पीड़ित किसान अब शासन से शीघ्र सहायता मिलने की आस लगाए बैठे हैं. इसी परिप्रेक्ष्य में टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावित किसानों की पीड़ा रखते हुए मांग की है कि नुकसान का वास्तविक आकलन सुनिश्चित कर उन्हें उचित मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाया जाए, साथ ही धान खरीदी की निर्धारित समय-सीमा को भी आगे बढ़ाया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search

Most Read