नई दिल्ली । नई दिल्ली में सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि भारत अपने पड़ोसी देश को 240 अरब नेपाली रुपये (1.62 अरब डॉलर) का आर्थिक पैकेज देगा. मार्च में सत्ता संभालने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है और वे दो दिवसीय दौरे पर भारतीय राजधानी आए हैं. उनका यह दौरा अगस्त में आई विनाशकारी हिमालयी बाढ़ की पृष्ठभूमि में हो रहा है, जिसमें लगभग 1,500 लोगों की जान चली गई थी और 5,200 अन्य लोग लापता हैं जिन्हें मृत मान लिया गया है.
वार्ता के बाद अपने साथ खड़े बालेंद्र शाह की मौजूदगी में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई गति देने के लिए 24,000 करोड़ (240 अरब) नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की जा रही है.
उन्होंने आगे कहा कि भारत की प्रतिबद्धता प्रभावित परिवारों की जिंदगी को वापस पटरी पर लाने, नए अवसर पैदा करने और भविष्य की आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता को और मजबूत करने की है.
इस मौके पर बालेंद्र शाह ने प्राकृतिक आपदाओं और कठिन समय में नेपाल के लिए लगातार सबसे पहले मददगार के रूप में आगे आने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया. उन्होंने आने वाले दिनों में दोनों देशों की आर्थिक समृद्धि में साझेदारी के लिए भारतीय निवेशकों का नेपाल में गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया.
इस दौरान दोनों देशों ने अपने आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए और दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से भारत और नेपाल को जोड़ने वाले एक रेल लिंक का उद्घाटन किया.
गौरतलब है कि 26 अगस्त को चीन के साथ लगती नेपाल की सीमा पर ग्लेशियर टूटने के कारण आई बाढ़ से मिट्टी और चट्टानों का भारी मलबा त्रिशूली नदी में आ गिरा था. भारत और चीन जैसे दो एशियाई दिग्गजों के बीच बसे इस गरीब देश में आई इस बाढ़ ने कई गांवों को बहा दिया, राजमार्गों, पुलों व बिजली लाइनों को तोड़ दिया और घरों को मिट्टी में दफन कर दिया था.
नेपाल और भारत के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक, आर्थिक और जन-जन के गहरे संबंध हैं, जहां खुली सीमा होने के कारण लाखों नेपाली भारत में रहते और काम करते हैं. अगस्त की बाढ़ के बाद भी नई दिल्ली ने सबसे पहले प्रतिक्रिया देते हुए सहायता सामग्री से भरे कई विमान भेजे थे और पहाड़ों में टूट चुके संचार संपर्कों को बहाल करने में मदद की थी.