बस्तर ओलंपिक 2026: जोश, जुनून और रोमांच से भरे मुकाबलों में ग्रामीण खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, तालियों से गूंज उठा मैदान...

जगदलपुर । छत्तीसगढ़ के बस्तर में स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने का मंच देने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 के जूनियर वर्ग में ग्रामीण खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. इस प्रतियोगिता ने जिले की युवा खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया, जहां 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने आयोजन को बेहद खास बना दिया. 25 से 26 नवंबर तक चली इस स्पर्धा के मुकाबले शहर के चार प्रमुख स्थलों—इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड जगदलपुर में संपन्न हुए. जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेलों के साथ-साथ आधुनिक खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में जगदलपुर और लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा. टीम खेलों की बात करें तो कबड्डी और खो-खो की बालक एवं बालिका दोनों ही श्रेणियों में लोहंडीगुड़ा के खिलाड़ियों ने अपनी टीम भावना और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान अपने नाम किया. दूसरी ओर, हॉकी के बालक और बालिका दोनों वर्गों में जगदलपुर की टीम विजेता बनी, जबकि बालक वर्ग में बस्तर ने दूसरा और तोकापाल ने तीसरा स्थान हासिल किया. वॉलीबॉल में भी जगदलपुर ने दोनों वर्गों में बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया; इसके बालिका वर्ग में बास्तानार दूसरे व लोहंडीगुड़ा तीसरे स्थान पर रहा, वहीं बालक वर्ग में लोहंडीगुड़ा ने दूसरा और बकावंड ने तीसरा स्थान हासिल किया. फुटबॉल के बालिका वर्ग में तोकापाल प्रथम, दरभा द्वितीय और बकावंड तृतीय रहा, जबकि बालक वर्ग में जगदलपुर ने पहला, लोहंडीगुड़ा ने दूसरा और बकावंड ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. व्यक्तिगत और अन्य स्पर्धाओं में भी जगदलपुर के खिलाड़ियों की बढ़त बरकरार रही. बैडमिंटन के बालक और बालिका वर्ग के सिंगल्स तथा डबल्स की सभी स्पर्धाओं में जगदलपुर ने पहला स्थान हासिल किया. इसी तरह, तीरंदाजी की 30 मीटर और 50 मीटर की व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में भी जगदलपुर के तीरंदाजों ने कई प्रथम स्थान अपने नाम किए. इसके अलावा, कराते और वेटलिफ्टिंग के अलग-अलग भार वर्गों में जगदलपुर, बास्तानार, बकावंड और तोकापाल के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की. एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. ऊंची कूद, लंबी कूद, 4x100 मीटर रिले, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के साथ-साथ गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक जैसे इवेंट्स में जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, बकावंड, बास्तानार, दरभा, बस्तर और तोकापाल के खिलाड़ियों ने अपनी दमखम दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search