रायपुर । छत्तीसगढ़ के दल्लीराजहरा में जन्मे बल्लेबाज हरप्रीत सिंह भाटिया ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए शानदार शतक जड़कर अपने क्रिकेट सफर का एक खास पड़ाव पूरा किया. उनका यह सफर मध्य प्रदेश से शुरू हुआ था, क्योंकि शुरुआती दौर में उनके गृह राज्य छत्तीसगढ़ को भारतीय क्रिकेट के राष्ट्रीय ढांचे में जगह नहीं मिली थी.
साल 2000 में नया राज्य बनने के कारण छत्तीसगढ़ के पास उस समय बीसीसीआई की स्थायी सदस्यता नहीं थी. इसी वजह से दल्लीराजहरा के रहने वाले भाटिया ने मध्य प्रदेश की अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों में खेलते हुए अपनी पहचान बनाई और यहीं से रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया.
जब 2016 में छत्तीसगढ़ को बीसीसीआई की पूर्ण सदस्यता मिली, तो वे अपने गृह राज्य लौट आए. उन्होंने 2018 से 2024 तक छत्तीसगढ़ के लिए रणजी ट्रॉफी खेली और कोविड-19 महामारी से पहले लगातार तीन साल तक टीम की कप्तानी भी की.
इसके बाद वे फिर मध्य प्रदेश लौटे और 2026 तक वहां से खेले. आईपीएल में भी उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया और पंजाब किंग्स का प्रतिनिधित्व किया.
घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद 35 वर्षीय भाटिया को भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की संभावनाएं सीमित नजर आ रही थीं. उनके 65 वर्षीय पिता और कपड़ा व्यापारी जशपाल सिंह भाटिया के अनुसार, नए अवसरों की तलाश में हरप्रीत जनवरी 2026 में यूएई चले गए, जबकि उनकी पत्नी दल्लीराजहरा में ही रहीं.
यूएई जाने के बाद भाटिया ने खुद को वहां के माहौल में तेजी से ढाल लिया. उन्होंने फरवरी 2026 में यूएई में खेलना शुरू किया और जल्द ही राष्ट्रीय वनडे टीम में अपनी जगह पक्की कर ली. राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-ए के खिलाफ खेली गई उनकी 130 रनों की पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया, जिसके बाद अब उन्होंने यूएई के लिए यह शतक जड़ा है.