कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने अटल आवास खरमोरा, वार्ड 23 निवासी 36 वर्षीय संतोष दास महंत पिता पिताम्बर दास महंत को 25 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया.
पूछताछ में अपराध के सबूत मिलने के बाद आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई और उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराकर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब एक महिला ने सिविल लाइन रामपुर थाने पहुंचकर अपनी 9 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ हुए लैंगिक अपराध की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 991/2026 पंजीबद्ध किया. आरोपी संतोष दास महंत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296, 115(2), 351(3) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 8, 10 और किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता और प्रार्थिया के कथन दर्ज किए और संबंधित गवाहों के बयान भी लिए. इसके पश्चात घटनास्थल अटल आवास खरमोरा का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य संकलन के लिए सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट से प्रतिवेदन तैयार कराया गया. साथ ही, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया गया, जिसके बाद पुलिस को आरोपी तक पहुंचने और उसे दबोचने में सफलता मिली.
इस कार्रवाई के साथ ही कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना बिना देरी किए तुरंत पुलिस को दें. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ित बच्चों की गोपनीयता बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है.