नई दिल्ली । मिस्र की राजधानी काहिरा में एक प्रमुख रिंग रोड पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
यह आग गीजा के इम्बाबा जिले स्थित वार्रक इलाके में एक सुरंग के ऊपर भड़की. जिस रिंग रोड पर यह हादसा हुआ, वह ग्रेटर काहिरा के प्रमुख राजमार्गों को आपस में जोड़ता है और काहिरा, गीजा तथा कलयूबिया प्रांतों के बीच संपर्क का मुख्य मार्ग है. स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, एक ट्रक अचानक मुड़ने के कारण बीच के डिवाइडर (सेंट्रल रिजर्वेशन) से जा टकराया और पलट गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ. हालांकि, स्थानीय मीडिया ने बताया है कि अब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है.
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस भेजीं और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. दूसरी ओर, मिस्र के लोक अभियोजक ने इस दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के शवों से डीएनए के नमूने एकत्र करने का निर्देश जारी किया है. न्यायिक कार्यालय ने यह भी जानकारी दी कि इस आग की चपेट में आकर कुल 27 वाहन जल गए हैं.
इस दुखद घटना पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक व्यक्त किया है. मिस्र के राष्ट्रपति कार्यालय के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
इसके साथ ही, मिस्र के मंत्रिमंडल के एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मुस्तफा मदबौली ने भी शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाए जाने का आदेश दिया है.
स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि वह स्थिति पर लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है और घायलों को हर संभव आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय कर रहा है.