महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षाविद् रामचंद्र शर्मा को किया सम्मानित...शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए शहीद विप्लव त्रिपाठी स्मृति सम्मान से नवाजे गए रामचंद्र शर्मा...

रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और समाज के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए शहर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं संस्कार पब्लिक स्कूल के संचालक रामचंद्र शर्मा को छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने सम्मानित किया। यह गौरवपूर्ण सम्मान 13 नवंबर, शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा आयोजित भव्य शौर्य दिवस समारोह में प्रदान किया गया। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की पावन स्मृति में आयोजित इस गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में रामचंद्र शर्मा द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, शैक्षणिक उपलब्धियों और शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए ट्रस्ट की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। रामचंद्र शर्मा लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। संस्कार पब्लिक स्कूल के माध्यम से उन्होंने शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने की दिशा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह सम्मान उनके वर्षों के शैक्षणिक समर्पण, कर्मठता और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रतिफल माना जा रहा है। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी जैसे वीर सपूत की स्मृति में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में राज्यपाल के हाथों सम्मानित होना रामचंद्र शर्मा के साथ-साथ रायगढ़ के शैक्षणिक जगत के लिए भी गौरव का विषय है। रामचंद्र शर्मा को मिले इस सम्मान से शहर के शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों, शुभचिंतकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Top Search

Most Read