मध्यप्रदेश के इंदौर में दिवाली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राऊ इलाके की साईं विहार कॉलोनी में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। घटना रविवार की है। घर लौटे दोनों बच्चों ने माता-पिता के शव देखे, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
बच्चों को गार्डन में खेलने भेजा था
जानकारी के मुताबिक, पवन सोनी (40) ने वारदात से पहले अपने 15 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को पास के गार्डन में खेलने भेज दिया था। शाम करीब 4 बजे दोनों बच्चे घर लौटे तो कमरे में मां का शव पड़ा था और पिता फंदे पर लटका मिला।
रीवा का रहने वाला था पवन
मृतकों की पहचान पवन सोनी और उसकी पत्नी वर्षा (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला था। वह इंदौर में किराये के मकान में रहकर पराठे की दुकान लगाता था।
पत्नी का चाकू से रेता गया था गला
एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को पवन के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में उसकी पत्नी का शव भी मिला। उसका गला चाकू से रेता गया था।
वेल्डिंग के काम के लिए बुलाया था युवक
जानकारी के मुताबिक पवन ने कुछ समय पहले रेहान नाम के युवक को घर में वेल्डिंग का काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद रेहान की वर्षा से बातचीत होने लगी थी। इस बात को लेकर पवन और वर्षा के बीच विवाद चल रहा था। रेहान भी आए दिन पवन को धमकाता था। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस विवाद और कथित प्रेम-प्रसंग की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
दोस्तों से कहा था- हत्या की साजिश चल रही
पवन शनिवार को इलाके में रहने वाले कुछ दोस्तों से मिला था। उसने उन्हें बताया था कि रेहान ने उसकी पत्नी का दिमाग बदल दिया है। वह उसे और बच्चों को मारना चाहते हैं। इसके लिए दीपावली के बाद का समय तय किया गया है। पवन ने दोस्तों को यह भी बताया था कि उसके पास दोनों के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग है। हालांकि पुलिस अभी इन दावों की जांच कर रही है। पुलिस पवन और वर्षा के मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त करेगी।