NEET पेपर लीक केस में सोमवार को महाराष्ट्र के लातूर से 10वीं गिरफ्तारी हुई है. CBI ने यहां केमिस्ट्री कोचिंग डायरेक्टर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया है. CBI के मुताबिक मोटेगांवकर उस सिंडिकेट का हिस्सा है, जो NEET पेपर लीक कराने और आगे फैलाने में शामिल है. उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल को ही पेपर और आंसर की हासिल की और कई लोगों को बाटीं थी.
मोटेगांवकर का लातूर समेत 7 जिलों में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेस (RCC) नाम का कोचिंग सेंटर है. रविवार को CBI ने RCC के मेन ऑफिस पर छापा मारकर कई डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जब्त किया. इसके साथ ही जांच अजेंसी ने 15 मई को मोटेगांवकर से उसके घर पर 8 घंटे पूछताछ की थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक कोचिंग सेंटर का ₹100 करोड़ का टर्नओवर है. CBI को शक है कि सेंटर में NEET कैंडिडेट्स को लीक पेपर के सवाल उपलब्ध कराए गए. साथ ही लातूर के कई डॉक्टरों ने लीक पेपर खरीदा. NEET-UG पेपर लीक मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इनमें से 6 महाराष्ट्र से हैं.
बॉटनी प्रोफेसर मनीषा मंधारे को 14 दिन की हिरासत
इससे पहले महाराष्ट्र की ही बॉटनी प्रोफेसर मनीषा मंधारे को भी CBI ने गिरफ्तार किया था. यह गिरफ्तारी मथुरा से हुई थी. इसके बाद प्रोफेसर मनीषा को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था. जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिन की सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है. मनीषा की नीट में बॉटनी और जूलॉजी के सवालों तक सीधी पहुंच थी.
जांच में सामने आया है कि पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे ने परीक्षा से पहले एक विशेष कोचिंग क्लास चलाई थी. CBI के अनुसार, इस क्लास में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के वे सवाल और उनके जवाब लिखवाए गए थे, जो बाद में NEET-UG परीक्षा में आए. एजेंसी का कहना है कि यह पूरा खेल बेहद सुनियोजित तरीके से चलाया गया.
नीट पेपर लीक मामले में अब तक गिरफ्तार 9 आरोपी कौन हैं…लिस्ट देख लीजिए
1. मनीषा गुरुनाथ मांधरे: पुणे की एक सीनियर बॉटनी टीचर, जिसे कथित तौर पर इस साज़िश का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। NTA द्वारा नियुक्त एक एक्सपर्ट होने के नाते, उसके पास प्रश्न पत्रों तक पहुंचने का आधिकारिक अधिकार था।
2. प्रो. पी.वी. कुलकर्णी: लातूर का रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर। इसे पुणे से गिरफ्तार किया गया। इस पर इस साजिश का मुख्य सूत्रधार होने का आरोप है; प्रश्न पत्र पैनल तक उसकी पहुंच थी।
3. मांगीलाल बीवाल: जयपुर (जमवा रामगढ़) का रहने वाला, जिसे लीक हुए प्रश्न पत्र को हासिल करने और उसे बांटने के मामले में गिरफ़्तार किया गया है।
4. विकास बीवाल: मांगीलाल बीवाल का बेटा और जयपुर का एक मेडिकल छात्र, जिस पर इस अवैध काम को अंजाम देने में मदद करने का आरोप है।
5. दिनेश बीवाल: मांगीलाल बीवाल का भाई, जिसे जयपुर से ही गिरफ़्तार किया गया है; इस लीक के पीछे हुए वित्तीय लेन-देन से उसका सीधा संबंध है।
6. यश यादव: गुरुग्राम का रहने वाला, जिस पर एक मुख्य बिचौलिए होने का आरोप है; उसने ही लीक हुए प्रश्न पत्र बीवाल परिवार तक पहुँचाए थे।
7. शुभम खैरनार: नासिक का रहने वाला, जिस पर सबसे पहले लीक हुए या गेस प्रश्न पत्र को फैलाने का शक है।
8. मनीषा वाघमारे: पुणे की एक ब्यूटी सैलून मालकिन और इस नेटवर्क की एक सहयोगी; उम्मीदवारों को जुटाने और उनके लिए विशेष कोचिंग सत्र आयोजित करने में कथित भूमिका के लिए उसे अरेस्ट किया गया है।
9. धनंजय लोखंडे: अहिल्यानगर (महाराष्ट्र) का आयुर्वेद डॉक्टर; इस मामले में उसकी संलिप्तता के चलते उसे हिरासत में लेकर CBI के हवाले कर दिया गया है।
NEET के संयुक्त निदेशक और संयुक्त सचिव बदले गए
NEET पेपर लीक के बाद भारी फजीहत झेल रही केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है. सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में प्रशासनिक स्तर बड़ी सर्जरी करते हुए दो नए संयुक्त निदेशक और दो संयुक्त सचिव को नियुक्त किया है. सरकार ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी आकाश जैन को NTA में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया है. इसके साथ ही आादित्य राजेंद्र भोजगढ़िया को भी संयुक्त निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं अनुजा पाबट और रुचिता विज को संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया है. इस संबंध में DoPT की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है.