बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्मदाह किए जाने के 10 महीने पुराने मामले में पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. शनिवार (21 नवंबर) को की गई इस कार्रवाई में 21 वर्षीय नर्सिंग छात्रा आकांक्षा सिदार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कोर्ट में पेश किया गया था. पुलिस की लंबी जांच में यह तथ्य सामने आया कि युवती के लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया था.
यह पूरा घटनाक्रम 27 जनवरी 2026 को कोनी स्थित एक होटल के कमरे में घटित हुआ था, जहां दोनों साथ ठहरे हुए थे. कमरे में दोनों के बीच एक बार फिर शादी की बात को लेकर तीखी बहस और झगड़ा शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर 22 वर्षीय विकास गुप्ता ने वहीं कमरे में खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली, जबकि घटना के वक्त आकांक्षा भी कमरे में ही मौजूद थी.
बुरी तरह झुलसे विकास को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया. रायपुर में उपचार के दौरान 1 फरवरी को विकास ने दम तोड़ दिया. युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू की थी.
मृतक विकास मूल रूप से बलरामपुर का निवासी था और रायपुर की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था, जबकि उसके पिता भटगांव में आरक्षक के पद पर तैनात हैं. वहीं, सूरजपुर जिले के भटगांव की रहने वाली आरोपी आकांक्षा सिदार कोनी में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी. दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और उनके बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था.
पुलिस जांच के दौरान ऐसे पुख्ता साक्ष्य मिले जिनसे स्पष्ट हुआ कि आकांक्षा लगातार विकास पर शादी करने के लिए दबाव डाल रही थी. वह शादी से इनकार करने पर विकास को किसी मामले में फंसाने की धमकी भी दिया करती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था. इन्हीं सबूतों और युवती के व्यवहार के आधार पर पुलिस ने उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का दोषी मानते हुए सलाखों के पीछे पहुंचाया है.